फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएमसी।
फतेहाबाद। शहर को बेसहारा मुक्त बनाने को लेकर जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में गोशाला संचालकों और अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान डीएमसी ने कहा कि शहरों को बेसहारा पशुओं से मुक्त बनाना है इसलिए इसमें गोशालाओं का मुख्य योगदान की जरूरत है।
बैठक में कई गोशाला संचालकों ने कहा कि उनके पास जगह नहीं है। गोशाला में क्षमता से ज्यादा पशु हो चुके हैं, इसके अलावा कई गोशाला संचालकों ने शेड न होने का कारण बताया। बैठक में डीएमसी ने कहा कि गोशालाओं की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा और जो भी कमी है उसे दूर करेंगे।
एजेंसी ने शहर से करीब एक हजार से ज्यादा पशु पकडऩे का दावा किया
नगर परिषद ने करीब एक साल पहले निजी एजेंसी को 920 रुपये प्रति पशु के हिसाब से ठेका दिया था। एजेंसी ने शहर से करीब एक हजार से ज्यादा पशु पकडऩे का दावा किया है। लेकिन पिछले दिनों जब जिला नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया तो शहर में बेसहारा पशु मिले थे। इस दौरान अधिकारियों ने बताया था कि एजेंसी पशुओं को तो पकड़ रही है लेकिन आसपास की गई गोशाला के संचालक गाय लेने से मना कर रहे हैं।
चौराहों पर लगा रहता है पशुओं का जमावड़ा
शहर के मुख्य चौराहों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। रात के समय भट्टू रोड, हिसार रोड पर पशु आ जाते हैं और हादसे होने का भय भी रहता है। पिछले दिनों जगजीवनपुरा मोहल्ला में पशुओं के झुंड ने गली में खेल रहे बच्चे को उठाकर पटक दिया था, जिससे वह चोटिल हुआ था।