फतेहाबाद। शहर के सन्यास आश्रम मंदिर से गणपति बप्पा की मूर्ति को विसर्जन करने के लिए लेकर जाते
फतेहाबाद। संन्यास आश्रम मंदिर में विनायका ग्रुप की ओर से आयोजित 10वां गणेश उत्सव शुक्रवार को भक्तिभाव, धूमधाम और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। 14 सितंबर से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम चरण में शुक्रवार को गणपति बप्पा की मूर्ति को शोभायात्रा के साथ भोडिया खेड़ा नहर में विसर्जित किया गया।
श्रद्धालुओं ने अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोषों के साथ बप्पा को विदाई दी। विसर्जन से पूर्व वीरवार की रात मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान कलाकारों की ओर से प्रस्तुत की गई मनमोहक धार्मिक झांकियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पुजारी सुंदर शुक्ला ने हवन किया जिसमें यजमानों व श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर में ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की धुनों के साथ मंदिर परिसर से विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई भोडिया खेड़ा नहर पहुंची जहां भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रधान राकेश नागपाल, नंदलाल वधवा, कृष्ण नागपाल, रविंद्र रहेजा, चिरंजी लाल जग्गा, विनायका ग्रुप से पीयूष नारंग, दीपांशु जग्गा आदि श्रद्धालुओं ने बप्पा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।