रतिया (फतेहाबाद)। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती (18) से सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है।इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी लवप्रीत, सुखराम, संगीत और जश्न के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि उसने 10वीं कक्षा पास की हुई है। अब पिछले दो साल से घर पर रहती है। गांव निवासी लवप्रीत छठी कक्षा से उसके साथ ही पढ़ता रहा है। उसके साथ उसकी कुछ समय पहले दोस्ती हो गई थी। उसने एक दिन उसे अपने चाचा के घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके तीन दोस्तों ने उनकी वीडियो बना ली। इसका उसने विरोध जताया तो धमका कर घर भेज दिया गया। उसके कुछ दिन बाद लवप्रीत ने अपने मोबाइल से फोन करके घर से बाहर बुलाया। जब वह घर से बाहर आई तो लवप्रीत व उसके दोस्त उसे अपने बाइक से एक अन्य गांव में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में एक भट्ठे पर ले गए, जहां पर लवप्रीत के रिश्तेदारों ने उन्हें देख लिया तो उक्त युवक उसे पंजाब में उसके एक रिश्तेदार के घर के बाहर छोड़कर चले गए। इसके बाद वह वहां से अपने घर आई तो अपनी मां को आपबीती सुनाई। उसकी मां ने पुलिस को मामले से अवगत करवाया। पुलिस ने उसकी शिकायत लेकर केस दर्ज किया है। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार युवकों पर केस दर्ज कर लिया है।