फतेहाबाद। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त वाई-फाई का उपयोग करते समय सतर्क रहें। साइबर अपराधी रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, मॉल और कैफे जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क फैलाकर लोगों की निजी जानकारी चुरा रहे हैं।
एसपी जैन ने बताया कि इन नेटवर्क के माध्यम से अपराधी मोबाइल या लैपटॉप में सेंध लगाकर बैंक डिटेल्स, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील डेटा चोरी कर रहे हैं, जिससे खातों से पैसे उड़ा रहे हैं। आज के डिजिटल युग में लोग शॉपिंग, बैंकिंग और बिल भुगतान जैसे कार्य ऑनलाइन माध्यम से कर रहे हैं। हालांकि यह सुविधा जहां एक ओर जीवन को आसान बना रही है, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराधियों के लिए अवसर भी पैदा कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने चेताया कि किसी भी अज्ञात या असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क से डिवाइस को न जोड़ें। फ्री इंटरनेट के लालच में गोपनीय जानकारी साझा न करें। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध लिंक या पॉप-अप पर क्लिक करने से भी बचें। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो घबराए नहीं, बल्कि तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।