फतेहाबाद। गांव मेहूवाला के शख्स से ठगी करने का मामला सामने आया है। उसको सोने की घड़ी, आईफोन और पांच हजार अमेरिकन डॉलर का लालच देकर 6,03,800 रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया। यह राशि अलग-अलग बैंक खातों में डलवाई गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मेहूवाला निवासी विनोद ने बताया कि 27 दिसंबर को उसके पास व्हाट्सएप नंबर पर कॉल आया कि आपका एक कोरियर आया हुआ है। इसमें एक सोने की घड़ी, आईफोन और पांच हजार अमेरिकन डॉलर हैं। इस पैकेज को लेने के लिए कॉलर ने कस्टम ड्यूटी देने की बात कही।
विनोद इस बात पर राजी हो गया और उसने दिए गए बैंक खाते में 66,300 की राशि डाल दी। इसके बाद कस्टम ड्यूटी, कोरियर चार्ज व स्टेट एक्साइज ड्यूटी के नाम पर एक जनवरी से लेकर 15 जनवरी तक कुल 6 लाख 3 हजार 800 रुपये की ठगी की गई। जब उसे ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत दी। संवाद