फतेहाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार की टीम ने शुक्रवार को गांव बड़ोपल में मार्केट फीस चोरी करने की सूचना पर तीन गोदामों पर छापा मारा। टीम ने मार्केट फीस की चोरी पाए जाने पर तीनों गोदाम संचालकों से कुल 2,73,912 रुपये की फीस व जुर्माना वसूला गया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार को सूचना मिली थी कि गांव बडोपल में कई व्यापारी गेहूं का स्टॉक कर मार्केट फीस की चोरी कर रहे हैं। जिसके बाद टीम की इंचार्ज सुनैना ने मार्केट कमेटी के सचिव यशपाल मेहता, राजेश कुमार मंडी सुपरवाइजर व राजेश जाखड़ ऑक्शन रिकार्डर को साथ लेकर गांव बड़ोपल में गेहूं के गोदामों का निरीक्षण किया।
टीम ने सबसे पहले फर्म रणजीत देवीलाल के गोदाम में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में 623 क्विंटल गेहूं बिना मार्केट फीस के पाई गई, जिस पर मार्केट फीस 30,228 रुपये व जुर्माना 7,557 रुपये व एचआरडीएफ की फीस 30,228 व जुर्माना 15,150 रुपये बनाया गया। फर्म ने मौके पर ही 83,163 रुपये मार्केट कमेटी को चेक के द्वारा अदा कर दिए।
इसके बाद टीम ने प्रवीण कुमार के गोदाम का निरीक्षण किया गया तो 1180 क्विंटल गेहूं बिना मार्केट कमेटी फीस पाई गई। जिस पर 57,254 रुपये मार्केट कमेटी फीस व 14,314 रुपये जुर्माना व एचआरडीएफ फीस 57,254 रुपये व 28,627 रुपये जुर्माना के साथ कुल 1,57,449 रुपये गोदाम मालिक से मौके पर ही चेक से वसूली की गई।
गोदाम मालिक से 33,360 रुपये भरवाए
तीसरा गोदाम बड़ाेपल गांव के श्याम सुंदर का चेक किया गया। निरीक्षण के दौरान 250 क्विंटल गेहूं कट्टों में भरकर बिना मार्केट कमेटी फीस के पाई गई। सचिव मार्केट कमेटी ने 12,130 रुपये मार्केट कमेटी फीस व 3,035 रुपये जुर्माना तथा एचआरडीएफ फीस 12,130 रुपये व 6065 रुपये जुर्माना सहित कुल 33,360 रुपये फीस गोदाम मालिक से नकद वसूल की गई।
उड़नदस्ता ने रतिया में राइस मिल में मारा छापा
रतिया। शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की एक टीम ने गेहूं के भंडारण की जांच के लिए फतेहाबाद रोड पर एक राइस मिल में छापा मारा। टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग की इंचार्ज सुनैना ने किया जबकि उनके साथ मार्केट कमेटी के सचिव राजकुमार व खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद थे।
सीएम फ्लाइंग को पिछले कुछ दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि रतिया के कुछ क्षेत्रों में व्यापारी अवैध रूप से कुछ गोदाम व राइस मिल में गेहूं का भंडारण कर रहे हैं और मार्केट फीस की चोरी की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार देर शाम सीएम फ्लाइंग की इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में टीम ने फतेहाबाद रोड पर एक राइस मिल में छापा मारा। उनके साथ मार्केट कमेटी व खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी थे। कार्रवाई को लेकर अधिकारियों ने कहा कि स्टॉक का मिलान व अन्य दस्तावेज की जांच कर उसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। हालांकि देर शाम तक कार्रवाई जारी रही। टीम ने जानकारी देने से मना कर दिया।