भट्टूकलां। सोशल मीडिया पर लैपटॉप के दिखाए गए विज्ञापन के झांसे में आकर एक सरकारी अध्यापक के साथ करीब 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बनमंदोरी निवासी देवीलाल ने बताया कि वह सरकारी स्कूल में अध्यापक है। सोमवार को उसने सोशल मीडिया पर लैपटॉप का विज्ञापन देखा। उसे लैपटॉप की जरूरत थी। जिस पर उसने सोशल मीडिया पर दिए गए मोबाइल नंबर पर बात की। इस दौरान वह ठग के झांसे में आ गया। लैपटॉप का विज्ञापन दिखाने वाले ठग ने उसके व्हाटसएप पर क्यूआर कोड भेजा। जिस पर उसने अपने नंबर से फोन पे के माध्यम से 50139 रुपये भेज दिए। शिकायतकर्ता ने कहा कि रुपये भेजने के बावजूद भी उसे लैपटॉप प्राप्त नहीं हुआ। फ्राॅड होने पर उसने 1930 पर काॅल करके अपनी शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।