रतिया। रतिया पुलिस ने आदमपुर निवासी छगन लाल की शिकायत पर राजस्थान के शहर हनुमानगढ़ निवासी देवेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ धोखे से करीब 25 लाख 50 हजार रुपये ऐंठने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस कप्तान को बताया कि करीब 6 माह पहले देवेंद्र कुमार उससे 25 लाख 50 हजार रुपये ले गया था और कहा था कि वह 5 महीने के अंतराल में ही उपरोक्त राशि लौटा देगा।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने उपरोक्त राशि अपने कुछ साथियों मुकेश सिंगला व बलदेव मदान के सामने ही जाखल जाते समय रास्ते के गांव चिम्मों में दिए थे। उन्होंने बताया कि युवक उसकी राशि नहीं लौटा रहा है, बल्कि उसे निरंतर जान से मारने की धमकियां दे रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस कप्तान को लिखा कि उक्त युवक से उसे तथा उसके परिवार को जान का खतरा है, इसलिए कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने उपरोक्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत के अलावा जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।