बॉर्डर एरिया में लंपी पर लगाम लगाने की ओर पशुपालन विभाग का फोकस है। केवल गायों को वैक्सीन लगेगी। जिन गांवों में स्वस्थ गाय हैं, वहां डोज लगेगी, कोरोना वैक्सीन की तरह पशुओं में काम करेगी।
फतेहाबाद जिले में गुरुवार को लंपी स्किन के कारण चार गायों की मौत हो गई और 149 बीमार मिलीं हैं। इनमें दो गाय टोहाना व दो गाय रतिया क्षेत्र की शामिल हैं। जिले में पिछले 12 दिनों में लंपी पॉक्स बीमारी के कारण 30 गायों की मौत हो चुकी है। जिले में जिससे लंपी स्किन बीमारी ग्रस्त गायों की संख्या बढ़कर 1154 हो गई है। इनमें 492 गाय ठीक हो चुकी हैं और 662 अभी भी सक्रिय हैं।
विज्ञापन
बता दें कि पशुओं में फैली लंपी पॉक्स स्किन बीमारी अब अन्य पशुओं में फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। बॉर्डर एरिया में जहां इस बीमारी से कोई गाय ग्रस्त नहीं है, वहां पर इस वैक्सीन को लगाया जाएगा। पशुपालन विभाग के पास आई लंपी स्किन बीमारी के लिए वैक्सीन की पहली खेप को जिले के तीनों उपमंडलों में भेज दिया गया है।
शुक्रवार से पशुओं में वैक्सीनेशन का काम आरंभ कर दिया जाएगा। वहीं जिले में पंजाब से लगते रतिया व टोहाना क्षेत्र में लंपी स्किन बीमारी का प्रकोप अधिक है। विभाग का फोकस इस क्षेत्र पर ही है। पशुपालन विभाग इन क्षेत्रों में उन गांवों को चिह्नित कर रहा है, जहां पशुओं में इस बीमारी का प्रकोप नहीं है। यहां के पशुओं को वैक्सीन लगाई जाएगी, ताकि यह बीमारी आगे न फैले। यह वैक्सीन केवल गायों को ही लगाई जाएगी। संवाद
विज्ञापन
विभाग में मिली हैं, 7326 डोज
फतेहाबाद के पशुपालन विभाग के पास भोपाल से लंपी स्किन बीमारी को रोकने के लिए वैक्सीन की पहली खेप आ चुकी है। विभाग के पास 7326 डोज आई हैं, जिसको रतिया, टोहाना व फतेहाबाद उपमंडलों में पशु अस्पतालों में भेज दिया गया है। विभाग की ओर से हालांकि 66 हजार 800 वैक्सीन की मांग की गई थी और धीरे-धीरे आगे भी वैक्सीन आनी आरंभ हो जाएगी।
ये पशु मिले बीमार, इतने की हुई मौत
संक्रमित गाय 1154
ठीक हुई 492
मौत 30
वैक्सीन शुक्रवार से होगी
लंपी स्किन बीमारी पंजाब के साथ लगते बॉर्डर एरिया में अधिक है। यहां पर पूरा फोकस किया जा रहा है। यह एक वायरल बीमारी है और हमारे पास वैक्सीन की पहली खेप आ गई है। शुक्रवार से वैक्सीनेशन का काम आरंभ कर दिया जाएगा। यह वैक्सीन उन क्षेत्रों में लगाई जाएगी, जहां गायों में बीमारी नहीं है। यह एक तरह से कोरोना वैक्सीन की तरह काम करेगी और पशुओं में लंपी वायरस से लड़ने के लिए एंटी बॉडी बनाएगी। - डॉ. सुखविंद्र गिल, उपनिदेशक, जिला पशुपालन विभाग, फतेहाबाद