गांव सनियाना-साहू मार्ग पर भूना पुलिस ने ठेका शराब की अवैध सप्लाई करते हुए चार लोगों को पकड़ा। आरोपियों से 4080 बोतल शराब बरामद की गई है। ये शराब तीन गाड़ियों में भरी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट व लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव सनियाना निवासी विनोद उर्फ धोलिया, रणबीर सिंह, सोहनलाल व ढाणी भोजराज निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
बता दें कि शनिवार की सुबह पुलिस की एक टीम सनियाना के पास नाकाबंदी करके वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि साहू मार्ग से सनियाना की तरफ तीन वाहन आ रहे हैं, जिनमें भारी मात्रा में शराब भरी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम साहू मार्ग पर जा रही थी। इसी दौरान पिकअप गाड़ी व स्विफ्ट कार तथा ईटीओज कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस की गाड़ी को देखकर उपरोक्त शराब तस्कर गाड़ियों को मोड़ कर भागने लगे। सड़क तंग होने के कारण वह सफल नहीं हुए और पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने तीनों ही वाहनों में शराब होने की आशंका के चलते मौके पर सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी राजेंद्र सिंह नैन को मौके को बुलाया। नैन ने मौके पर पहुंचकर शराब परमिट के बारे में दस्तावेज दिखाने को दिखाने के लिए कहा तो आरोपी कोई भी कागज नहीं दिखा पाए। सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी के नेतृत्व में वाहनों की चेकिंग की गई तो पिकअप गाड़ी में 201 पेटी संतरा व 55 पेटी शहनाई मार्का तथा 24 पेटी माल्टा शराब बरामद की गई। जबकि मारुति स्विफ्ट कार में संतरा ठेका शराब देसी तथा इटीयोस कार में 30 पेटी शहनाई मार्का देसी शराब ठेका मिली है। उपरोक्त शराब की कुल बोतलें 4080 पुलिस ने कब्जे में ली है। डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि तीनों वाहन भी पुलिस ने जब्त कर दिए हैं।
बता दें कि इन दिनों शराब ठेके बंद होने के कारण शराब की अवैध बिक्री बढ़ गई है। लॉकडाउन में 800 रुपये वाली पेटी 2000 रुपये तक बिक रही है। कोविड-19 महामारी के चलते लगाए गए लॉकडाउन में शराब की बिक्री पर कालाबाजारी धड़ल्ले से हो रही है।