इसी बीच पशु मेला अधिकारियों का भैंस को लेकर दावा करने वाले मालिकों के साथ विवाद हो गया। जिसके बाद पुलिस ने भैंस को अपने कब्जे में लेकर सोमवार को भैंस बेचने वाले व्यापारी को बुलाया है।
जिससे पुलिस पूछताछ करेगी। हुआ यूं कि आदमपुर के गांव महनसरा निवासी सीताराम की शनिवार को भैंस चोरी हो गई। सीताराम अपनी भैंस को ढूंढता हुआ फतेहाबाद के पशु मेले में पहुंचा।
जहां सीताराम ने मानसा के एक युवक को भैंस गाड़ी में चढ़ाते हुए देखा और उस भैंस पर अपना दावा जताया। भैंस चढ़ा रहे युवक ने बताया कि उसने भैंस ऐलनाबाद के एक व्यापारी से 50 हजार रुपये में खरीदी है।
जिसके बाद पशु मेला ग्राउंड में हंगामा हो गया। बात यहां तक पहुंच गई कि मेला अधिकारियों व अन्य व्यापारियों ने दावा कर रहे युवक से कहा कि 50 भैंसों के बीच बांधा जाए और उसके घरवालों को पहचानने के लिए बुलाया जाए।
दावा कर रहे युवक इस बात से सहमत हो गए और उसने अपनी पत्नी को घर से भैंस पहचानने के लिए बुलाया। महिला ने 50 भैंसों के बीच अपनी भैंस को पहचान लिया।
जिसके बाद दावा कर रहे युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने भैंस को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस भैंस बेचने वाले ऐलनाबाद के व्यापारी को पूछताछ के लिए बुलाया है।