रतिया। पाकिस्तान के पूर्व सांसद ने रतिया पुलिस को शिकायत देकर पानीपत के एक व्यक्ति पर उसके लड़के का अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रतिया के गांव रतनगढ़ में पाकिस्तान से करीब 10-12 साल पहले आकर रह रहे पाकिस्तान के पूर्व सांसद डिवाया राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अक्तूबर को पानीपत निवासी कालूराम अपने कुछ साथियों सहित गांव में आया और गाड़ी में उसके लड़के रामलाल का अपहरण करके ले गया। बताया जाता है कि पाकिस्तान के पूर्व सांसद ने भारत की नागरिकता के लिए आवेदन कर रखा है।
पुलिस को दी शिकायत में डिवाया राम ने आरोप लगाया कि उसका पुत्र रामलाल अपनी पत्नी लाजो देवी के साथ गांव रतनगढ़ में रह रहे है। कुछ समय पूर्व पानीपत निवासी कालूराम उसकी पुत्रवधू लाजो देवी को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया था जिसके पश्चात उसके बेटे रामलाल ने पुलिस को कालूराम के खिलाफ शिकायत दी थी। इस मामले में अभी कार्रवाई जारी थी की गत 30 अक्तूबर को उक्त कालूराम अपने कुछ साथियों सहित गाड़ी में उनके गांव आया और उसके बेटे रामलाल को घर से बाहर बुलाकर अपहरण कर ले गया। पूर्व पाकिस्तानी सांसद ने आरोप लगाया कि उसके बेटे रामलाल की जान को खतरा है तथा इस सारी साजिश में सतनाम सिंह नामक एक व्यक्ति और एक समुदाय की महिला भी शामिल है। इस बारे में शहर थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि उक्त मामले में शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।