रतिया जानकारी देते हुए पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ,स्त्रोत स्वयं
रतिया। पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ने अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान रतिया हल्के में 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को करवाने का दावा किया है। नापा ने कहा कि उनके पांच साल के कार्यकाल के दौरान सड़क, पेयजल, खेल, शिक्षा, पंचायत, मनरेगा, सिंचाई एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र कार्य किए गए है।
नापा ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में 187.67 करोड़ रुपये की लागत से 451 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया गया। पंजाब से राजस्थान बॉर्डर तक मुख्य सड़क निर्माण, टोहाना-रतिया रोड को सीएम घोषणा में शामिल करवाना और फतेहाबाद-हांसपुर रोड, नहरी पानी आधारित जलघर निर्माण सहित कई परियोजनाओं को पूरा करना उनकी उपलब्धियों में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने रविवार को रत्ताखेड़ा में जनसभा में नापा का नाम लिए बगैर उन पर अपने कार्यकाल में क्षेत्र का विकास करने की बजाए क्षेत्र का सत्यानाश करने के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद सोमवार को पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ने सुनीता दुग्गल के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर जवाब दिया और विकास कार्य गिनवाए।
-
सुभाष खिलेरी का नापा पर पलटवार, पूछा : भाजपा ने करोड़ों के काम किए तो पार्टी क्यों छोड़ी
रतिया। भाजपा में शामिल होने वाले सुभाष खिलेरी ने पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा द्वारा पूर्व विधायक सुनीता दुग्गल पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने पूर्व विधायक द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई विकास कार्यों की सूची को उनकी राजनीतिक अवसरवादिता और दोहरे चरित्र का प्रमाण बताया है। खिलेरी ने कहा कि नापा का खुद यह स्वीकार करना कि रतिया में भाजपा सरकार ने करोड़ों के काम किए हैं उनके भाजपा छोड़ने के फैसले पर सबसे बड़ा सवालिया निशान लगाता है। खिलेरी ने कहा कि रतिया की जनता ने लक्ष्मण नापा को भाजपा के चुनाव चिन्ह पर चुनकर भेजा था ताकि वह सरकार के साथ मिलकर क्षेत्र का भला करें। जब भाजपा सरकार ने नापा को रतिया के विकास के लिए खजाना खोलकर दिया, तो चुनाव के समय पार्टी का साथ छोड़ना यहां के मतदाताओं के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि आज पूर्व विधायक 1000 करोड़ रुपये के कामों की लिस्ट डाल रहे हैं लेकिन यह भूल गए कि ये काम भाजपा की नीतियों और नेतृत्व की वजह से हुए हैं, आपकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं।