कांवड़ियों को दिशा-निर्देश देते पुलिसकर्मी। स्रोत : पुलिस विभाग
फतेहाबाद। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धांत जैन ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए हर स्तर पर समुचित प्रबंध किए जाएं और गश्त बढ़ाई जाए।
एसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर शिवभक्तों से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याएं जानने और किसी भी शरारती तत्व पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं को सड़क की बाईं ओर चलने, यातायात नियमों के पालन व पुलिस हेल्पलाइन नंबर की जानकारी देने के आदेश भी दिए गए। कांवड़ियों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि अव्यवस्था से बचा जा सके। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
रात को अतिरिक्त पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालुओं को डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने, ओवरलोडिंग से बचने, हथियार व नशे के प्रयोग से परहेज करने और सौहार्दपूर्ण वातावरण में यात्रा करने के निर्देश दिए गए हैं।