मांगों को मनवाने के लिए अपना धर्म परिवर्तन करने की धमकी देने वालों पर केस दर्ज किया जाना चाहिए। इतना ही भगाना गांव के जिन व्यक्तियों ने दूसरा धर्म अपनाया है, उन पर भी केस होना चाहिए।
यह मांग हरियाणा हिन्दू महासभा प्रधान अभियान समिति के संयोजक मंडन मिश्र ने भूना में जिला युवा प्रधान सोमबीर भोसंले के निवास पर हिन्दू महासभा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को मनवाने के लिए आजकल धर्म परिवर्तन करना एक फैशन बन गया है। धर्म परिवर्तन की धमकी देने की आड़ में अपनी मांग मनवाना एक तरह से देश द्रोह का मामला है।
यदि कोई व्यक्ति अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन करता है तो वह कर सकता है लेकिन अपनी मांगे मनवाने के लिए धर्म परिवर्तन करना सरासर गलत है। इस मामले पर हिंदू महासभा देश को जनता को जागरूक करेगी। इस अवसर पर आकाश कुमार, विनोद मलिक, सतनाम सिंह आदि उपस्थित थे।