फतेहाबाद के पुरानी सब्जीमंडी में दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए अधिकारी।
फतेहाबाद। शहर में अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद की कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। लेकिन चौथे दिन नगर परिषद अधिकारी नरम नजर आए। नगर परिषद की तरफ से सुबह साढ़े 7 बजे भट्टू रोड पर अतिक्रमण को लेकर अभियान चलाया गया। टीम ने फुटपाथ से दुकानें हटाईं और दुकानदारों को चेतावनी दी। वहीं पॉलिथीन भी जब्त किया।
सुबह में आंबेडकर पार्क के सामने लोहे का सामान बेचने वाले फड़ी को नगर परिषद ने हटवा दिया और वहां पर सफाई करवाई गई। टीम सचिव गोविंद के नेतृत्व में हंस मार्केट में पहुंची। यहां पर टीम ने रेहड़ी संचालकों पर कार्रवाई करते हुए पॉलीथिन जब्त किया। इस कार्रवाई को लेकर रेहड़ी संचालकों व अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। रेहड़ी संचालकों ने कहा कि बेवजह तंग किया जा रहा है। सचिव गोविंद ने कहा कि पॉलीथिन बेचने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी और जुर्माना भी लगेगा। टीम ने रेहड़ियां भी हटाने के निर्देश दिए।