फतेहाबाद। जिले में पिछले कई दिनों से ठंड और धुंध है। शीतलहर और पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण शनिवार को धुंध छाई रही। इससे जिले का अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है।
न्यूनतम तापमान में आई गिरावट और कोहरे से जनजीवन और यातायात पर गहरा असर पड़ा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जिले में 13 जनवरी तक मौसम खुश्क रहने के आसार हैं। शनिवार सुबह से ही जिले के ग्रामीण क्षेत्र सहित शहरों में भी ठंड के असर से सड़कों और बाजारों में भीड़ कम रही।
कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और लिंक मार्गों पर वाहन चालकों ने दिन में भी लाइट जलाकर सफर किया। धुंध के कारण लंबी दूरी की बसें और अन्य वाहन अपने गंतव्य पर देरी से पहुंचे। वहीं भट्टू कलां रेलवे स्टेशन पर सुबह श्रीगंगानगर-दिल्ली 14029 एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटा देरी से पहुंची। इसके अलावा शाम में मेरठ-श्रीगंगानगर 14030 ट्रेन भी करीब एक घंटे देरी से रही।
-
ठिठुरन में अलाव बने सहारा
न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के कारण ठिठुरन काफी बढ़ गई है। शनिवार सुबह 9 बजे तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। इस दौरान लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर शरीर गर्म करते नजर आए।
-
दोपहर 1 बजे खिली धूप, पार्कों में बढ़ी रौनक
करीब एक सप्ताह से छा रही धुंध के चलते शुक्रवार और शनिवार को धूप खिली। शनिवार दोपहर 1 बजे के बाद सूर्य बादलों से बाहर निकले। आसमान साफ होते ही खिली धूप ने लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत दिलाई। वहीं पार्कों में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। लोग छतों और पार्कों में धूप का आनंद लेते नजर आए। शहर के मुख्य बाजार में रौनक दिखाई दी।
-
:: राज्य में 13 जनवरी तक मौसम खुश्क रहने के आसार हैं। उत्तर पश्चिम शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इस दौरान राज्य में अलसुबह व देर रात्रि को हल्की से मध्यम धुंध छाएगी। इस दौरान बीच-बीच में हल्की से मध्यम गति से शीत हवाएं चलने के भी आसार हैं।
-डॉ. मदन खिचड़ विभागाध्यक्ष, मौसम विज्ञान विभाग,हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार।