फतेहाबाद। जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 100 पार हो गया है। बुधवार को पांच नए मरीज मिले हैं। जिले में अब तक 102 डेंगू पीड़ित मिल चुके हैं। करीब एक तिहाई मरीज अस्पताल में दाखिल हो चुके हैं। अभी फिलहाल दो मरीज दाखिल हैं। पिछले 15 दिनों में ही जिले में डेंगू के 75 से ज्यादा मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को डेंगू को लेकर 20 सैंपल लिए गए। जांच में गांव भूथन निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति, गांव बनगांव निवासी 9 वर्षीय बच्चा, फतेहाबाद के भाटिया कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय युवती, शिव नगर निवासी 13 वर्षीय लड़की और गांव धांगड़ निवासी 32 वर्षीय युवती डेंगू पीड़ित मिली है। इसमें एक मरीज अस्पताल में दाखिल हैं। वहीं डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का लारवा मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को जिले में 11 जगहों पर लारवा मिला है। अब तक 3192 जगहों पर लारवा मिला है।
50 फीसदी से ज्यादा केस 15 दिनों में ही मिले
डेंगू का प्रकोप पिछले 15 दिनों में ही बढ़ा है। 31 अक्तूबर को जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 47 थी जो कि अब 16 नवंबर तक बढ़कर 102 पर पहुंच गई है। सबसे ज्यादा शहरी क्षेत्र में ही डेंगू मरीज मिल रहे हैं। इसके अलावा बच्चे और युवा डेंगू की चपेट में हैं।
एक तिहाई मरीज हो चुके हैं अस्पताल में दाखिल
डेंगू के अब तक 102 मरीज मिल चुके है, इसमें से 30 मरीज अस्पताल में दाखिल हो चुके हैं। करीब एक तिहाई मरीजों को अस्पताल में दाखिल होने की जरूरत पड़ी है। इसमें 22 मरीज निजी और 8 सरकारी में दाखिल हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग 904 डेंगू आशंकित के सैंपल ले चुका है।
कोट
जिले में डेंगू को लेकर पिछले साल की तुलना में स्थिति कंट्रोल में है। पहले 993 डेंगू पीड़ित मिले थे जबकि इस बार अब तक 102 मरीज मिले हैं। लोगों से भी अपील है कि वह जागरूक रहें और अपने आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।
-डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी