फतेहाबाद। शहर निवासी एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार सवारों ने उससे कानों की बालियां छीन ली और फिर गाड़ी से धक्का दे दिया। महिला अपनी ननद को मिलने के लिए गांव शक्करपुरा गई थी और रविवार सुबह बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी।
शहर निवासी ज्ञान देवी ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे के लगभग गांव शकरपुरा के बस स्टैंड पर मौजूद थी। वह शनिवार को अपनी ननद के पास गई थी और सुबह भांजा बस स्टैंड पर छोड़कर गया था। जब वह बस स्टैंड पर मौजूद थी तो काले रंग की कार आकर रूकी। जिसमें दो महिलाएं और दो युवक मौजूद थे।
उससे पूछा गया कि कहां जाना है, तो उसने कुलां जाने का कहा। इस पर उन्होंने उसे गाड़ी में बैठा लिया। महिला के अनुसार थोड़ी दूर जाने पर महिलाओं ने चुन्नी से उसका गला दबाना शुरू कर दिया। इसके बाद कानों से दोनों बाली लूटने के बाद गांव दीवाना के पास गाड़ी धीरे करके बाहर फेंक दिया।
थोड़ी देर बाद होश आया तो वह दीवाना बस स्टैंड वापस आई। फिर बस से कुलां गई और फिर यहां से बस के द्वारा अपने घर फतेहाबाद पहुंची।