फतेहाबाद। शहरों की तर्ज पर अब फतेहाबाद जिले के बड़े गांवों में भी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए पंचायती राज विभाग ने 5 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया है। पहले चरण में भी जिले के 35 बड़े गांवों की फिरनियां जगमग की गईं थी। इसमें लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत आई थी। वहीं दूसरे चरण में भी जिले के प्रत्येक खंड पांच-पांच गांवों को शामिल किया गया है।
इसका काम जल्द ही आरंभ कर दिया जाएगा। इस संबंध में 24 सितंबर, 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिला परिषदों के अध्यक्ष, जिला परिषद के सीईओ व पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता के साथ बैठक लेकर जिले के बड़े गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के काम को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत फतेहाबाद जिले के भी सात खंडाें के पांच-पांच गांवों को पहले और दूसरे चरण में शामिल किया गया है।
जिले के 35 गांवों में यह स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद कुल 70 गांवों की फिरनियों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रात को भी अंधेरे से राहत मिलेगी। इसके लिए 5 करोड़ 12 लाख 27 हजार रुपये काटेंडर पंचायती राज विभाग की ओर से जारी किया गया है।
खंड स्तर पर इन गांवों में लगेंगी स्ट्रीट लाइटें
खंड- गांव
भट्टूकलां : खाबड़ा कलां, ढांड, ढिंगसरा, ढाबी कलां, दैयड़
भूना : बेजलपुर, ढाणी सांचला, बोस्ती, दहमन, लहरियां
फतेहाबाद : बडोपल, धांगड़, भोडियाखेड़ा, भूंथन कलां, बनगांव
जाखल : शक्करपुरा, तलवाड़ा, दिवाना, जाखल, रत्ताथेह
नागपुर : अलालवास, तामसपुरा, मढ़, हांसपुर, जांडवाला सोत्तर
रतिया : बादलगढ़, हसंगा, लांबा, भरपुर, भूंदड़वास,
टोहाना : पिरथला, अकांवाली, कूलां, धारसूल कलां, पारता
गांवों की फिरनियों को रोशन करने के लिए जिले के प्रत्येक खंड में पांच-पांच बड़े गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए 5 करोड़ 12 लाख 27 हजार रुपये का टेंडर जारी किया गया है। स्ट्रीट लाइट लगाने का यह दूसरा चरण है। विभाग पहले चरण में भी 35 गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगा चुका है। जल्द ही इन गांवों में स्ट्रीट लाइटों लगाने का काम आरंभ कर दिया जाएगा।
-
देवेेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज विभाग, फतेहाबाद।