रतिया। पंजाब सीमा पर स्थित हरियाणा के गांव बीराबदी में रविवार दोपहर बाद जमीन विवाद में फायरिंग हो गई। इसमें पंजाब के 12 और हरियाणा के दो लोग घायल हो गए। पंजाब के घायलों को पंजाब के सरदूलगढ़ के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
पंजाब के लोगों ने जमीन का कब्जा लेने आए हरियाणा के लोगों की दो गाड़ियों व कई बाइक को भी तोड़ डाला। हरियाणा के लोग अपनी जान बचाने के लिए खेतों के रास्ते भाग गए। घायलों में पंजाब के सरदुलगढ़ तहसील के लोहगढ़ निवासी हरनाम सिंह, हरजिंदर सिंह, गुरदास सिंह, जसपाल सिंह, गुरमीत सिंह, लखबीर सिंह, अंग्रेज सिंह, संदीप सिंह, हरप्रीत सिंह, मलकीत सिंह, मनप्रीत कौर व फाजिल्का निवासी हमराज सिंह शामिल हैं। छाती पर गोली लगने से एक महिला व एक पुरुष सहित दो लोगों को पंजाब के बठिंडा रेफर किया गया है। दूसरे पक्ष से भागते समय हरियाणा के रतिया के सतगुरु और पिलछिया के शमा घायल हैं।
गांव बीराबदी में हिंगना रोड पर पंजाब बॉर्डर के पास लोहागढ़ के कुछ लोगों की ढाणी बनी हुई है। बताया गया है कि इस ढाणी के पास कुछ एकड़ जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। जिसमें रविवार दोपहर बाद दो गाड़ियों व बाइकों पर सवार होकर कई लोग ढाणी में पहुंचे। उन्होंने खेत में काम कर रहे लोगों को वहां से चले जाने को कहा तभी जमीन पर कब्जा करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कब्जा लेने आए हरियाणा के लोगों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। जब गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी तो सैकड़ों की संख्या में पंजाब क्षेत्र के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने हमला करने वालों पर भी जवाबी फायरिंग की। काफी संख्या में ग्रामीणों को आता देखकर हमलावर अपने वाहनों को वहीं पर छोड़कर खेतों के रास्ते भाग गए। वहीं ग्रामीणों ने घटनास्थल पर खड़ी दो गाड़ियों व कई बाइकों में भी तोड़फोड़ शुरू कर दी।
12 एकड़ जमीन को लेकर है विवाद
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि हरियाणा क्षेत्र के एक गांव के सरपंच प्रतिनिधि ने करीब दो वर्ष पूर्व गांव की 12 एकड़ विवादित जमीन को खरीदा था। जिसका विवाद पिछले काफी समय से पंजाब क्षेत्र के लोहागढ़ के ग्रामीण के साथ चल रहा था। जिसके चलते पहले भी इस जमीन का कब्जा लेने को लेकर कई बार झगड़ा हो चुका है।
-
घायलों को सरदूलगढ़ ले गए परिजन
सदर थाना प्रभारी राजवीर सिंह का कहना है कि फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। करीब 13-14 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। जो घायल थे उनको परिजन उपचार के लिए सरदूलगढ़ ले गए थे। अभी बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है।