समैन। गांव समैन में सोमवार रात घर के मुख्य दरवाजे पर फायरिंग करने के मामले में टोहाना सदर थाना पुलिस ने दो नामजद युवकों सहित 7-8 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने अमित उर्फ मीतू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनू गिल ने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे वह नांगली रोड स्थित अपने कार्यालय में बैठा था। इसी दौरान गांव का अमित उर्फ मीतू वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। कहासुनी के बाद अमित ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार रात करीब 10 बजे अमित अपने दोस्त सचिन और अन्य युवकों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर उसके घर पहुंचा। आरोप है कि युवकों ने घर के मुख्य दरवाजे पर चार-पांच राउंड फायर किए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे भागने लगे।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से अमित उर्फ मीतू को मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर टोहाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब दो बजे आरोपी को अपने साथ ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता विनोद ने बताया कि मामले की शिकायत आई है। सदर थाना पुलिस जांच कर रही है। एक आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में दो नामजद सहित 7-8 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।