फतेहाबाद। हड़ताल पर बैठे दमकल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया को अपनी लंबित मांगों और फरीदाबाद अग्निकांड के पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए ज्ञापन सौंपा। विधायक ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि 27 अप्रैल को बुलाए गए विधानसभा सत्र में वे उनकी मांग प्रमुखता से उठाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अग्निशमन यूनियन के प्रधान विनोद खिचड़ ने किया। विधायक को सौंपे ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि सरकार दोहरा मापदंड अपना रही है। इसी घटना में शहीद हुए पुलिसकर्मी को एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी दी गई जबकि दमकलकर्मियों के परिवारों को केवल 30 लाख रुपये की घोषणा कर उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।
दमकलकर्मियों की मांग है कि इन कर्मचारियों को भी आधिकारिक रूप से शहीद का दर्जा दिया जाए और पुलिस की तर्ज पर एक करोड़ रुपये की सहायता व परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी दी जाए। इसके बाद दमकल कर्मचारी पूर्व विधायक दुड़ाराम से भी मिले और उन्हें भी मांगपत्र सौंपा। इस अवसर पर पंकज, मांगेराम, कालूराम, सतनाम, सुमित, जय सिंह, धर्मपाल, दीवान, महेन्द्र सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।