फतेहाबाद हंस मार्केट से गर्मी में दुपट्टे से सिर ढककर जाती महिलाएं।
फतेहाबाद। भीषण गर्मी ने एक बार फिर अपने तेवर तीखे कर दिए हैं। शनिवार को फतेहाबाद में अधिकतम तापमान बढ़कर 44 डिग्री हो गया। आसमान से बरस रही आग के बीच सड़क पर निकलने वाले लोग चेहरे को ढककर गर्म हवा से बचने का प्रयास करते नजर आए। शनिवार को सुबह से ही गर्मी अपने चरम पर थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया गर्मी बढ़ती गई। दोपहर 12 बजे के बाद तो गर्म हवाओं ने लू का रूप ले लिया। चेहरे को झुलसाने वाली लू से बचने की कोशिश नाकाम साबित हो रही है।
कड़ी धूप में निकलने वाले लोगों को उससे बचने के इंतजाम करने का सुझाव चिकित्सकों ने भी दिया है। दोपहर बाद सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही कम हो जा रही है। गर्मी की वजह से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। लू से बचने के लिए जूस, लस्सी व अन्य पेय पदार्थों प्रयोग करने वालों की संख्या भी बाजार में बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 मई तक गर्मी और बढ़ेगी। 23 मई को मौसम में बदलाव होगा।
हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 22 मई तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में पश्चिमी खुश्क व गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में 23 मई से मौसम में फिर से बदलाव आने की संभावना बन रही है।
-डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू हिसार