पराली से भरे ट्रक से उठती आग की लपटें।
- फोटो : Fatehabad
भट्टू कलां। भट्टू मंडी में एक पराली की गांठ से भरे ट्रक में किन्हीं कारणों से बुधवार की रात आग लग गई। भट्टू कलां व फतेहाबाद की दो अग्निशमन विभाग की गाड़ियों की मदद से तीन घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग से ट्रक भी जल गया। आग लगने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पर पहुंची। वही जन सुरक्षा के चलते एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव भिरड़ाना निवासी हरिसिंह एक ट्रक पराली की गांठें लेकर गांव भिरड़ाना से बुधवार की रात राजस्थान के लिए रवाना हुआ। जैसे ही यह ट्रक भट्टू मंडी पहुंचा तो फतेहाबाद रोड पर बाजार में ही इसमें आग लग गई। ट्रक चालक ने तुरंत ट्रक को बाजार से निकाल कर चोपटा रोड स्थित ऑटो मार्केट के पास खाली स्थान पर पहुंचाया ताकि बाजार में कोई बड़ा हादसा न हो। आग लगी गांठें एक किलोमीटर तक रोड पर बिखरती गई। इससे रोड पर आग की लपेटें नजर आती रहीं। मौके पर ट्रक से पराली की जलती गांठें उतारने के लिए जेसीबी मशीन को भी बुलाया गया। जेसीबी से ट्रक को खाली करवाकर अग्निशमन विभाग भट्टू कलां व फतेहाबाद की गाड़ियों से पहुंचे कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।