फतेहाबाद। जिले में पराली जलाने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जिले का एक्यूआई 253 तक पहुंच गया है। बुधवार को फतेहाबाद में 27 जगहों पर पराली जली है। हरसेक ने जिले में 26 फायर लोकेशन भेजी हैं, वहीं कृषि विभाग के पास गांव फुलां से पराली जलाने की एक शिकायत आई। दूसरी ओर लगातार पराली जलने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन भी सख्त हो गया है और डीसी ने निगरानी कमेटी के 36 सदस्यों को नोटिस जारी करके तीन दिन में जवाब देने के आदेेश दिए हैं। बुधवार को कृषि विभाग ने 10 और किसानों पर जुर्माना लगाया है।
जिला में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं के चलते प्रशासन ने अपनी सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। डीसी ने अब तक सबसे अधिक पराली जलाए जाने वाले गांवों में पराली प्रबंधन के लिए नियुक्त निगरानी कमेटी में शामिल कृषि, राजस्व व पंचायत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों व सदस्यों को नोटिस जारी किया है। उपायुक्त ने नोटिस के माध्यम से तीन दिन में अपनी स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने गांव समैण, नांगला, साधनवास, बलियावाला और भूना में नियुक्त निगरानी कमेटी के 36 सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें 21 नंबरदार, 5 पटवारी, 5 ग्राम सचिव, कृषि विभाग से 5 सुपरवाइजर, एडीओ व निरीक्षक शामिल हैं।
वहीं बुधवार को जिले में 27 स्थानों पर पराली जलाने की सूचना मिली है। कृषि विभाग के पास गांव फुलां में पराली जलाने की शिकायत आई, वहीं हरसेक ने 26 स्थानों पर फायर लोकेशन भेजी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और 10 किसानों को 25 हजार रुपये जुर्माना ठोका। जिले में अब तक 201 स्थानों पर फायर लोकेशन सामने आई है और 50 किसानों को एक लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया है।
यहां जली है सबसे अधिक पराली
डीसी द्वारा मांगी गई रिपोर्ट के अनुसार गांव समैण में नौ जगह, नांगला व साधनवास में सात-सात तथा बलियावाला व भूना में पांच-पांच जगह पर खेतों में पराली जलाए जाने की घटनाएं हरसेक द्वारा मिली हैं। वहीं बुधवार को एसडीएम राजेश कुमार ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ गांव हिजरावां कलां व खुर्द, नूरकीअली, करनौली, बहबलपुर व भट्टू, भड़ोलावाली का दौरा किया। इस दौरान गांव भड़ोलावाली में पराली जलाने की घटना मिली, जिस पर अधिकारियों ने 2500 रुपये का चालान किया। एसडीएम ने फायर बिग्रेड की गाड़ी से आग बुझवाने का काम करवाया।
कोट
जिले में किसानों को कृषि विभाग द्वारा पराली प्रबंधन को लेकर लगातार जागरूक किया जा रहा है। जो किसान पराली को आग लगा रहे हैं, उनको जुर्माना भी ठोका जा रहा है। साथ ही निगरानी कमेटी के सदस्यों को भी कहा गया है कि वह पराली प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करें।
-डॉ. राजेश सिहाग, डीडीए, फतेहाबाद।
कोट
फतेहाबाद में पराली जलाने से रोकने के लिए निगरानी कमेटी का गठन किया गया है। कई गांवों में लगातार पराली जलाने की शिकायतें आ रही हैं, इसके लिए निगरानी कमेटी के सदस्यों को नोटिस देकर तीन दिन में स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है।
-जगदीश शर्मा, उपायुक्त फतेहाबाद।
फतेहाबाद के गांव भड़ौलावाली के पास खेत में जली पराली।- फोटो : Fatehabad