फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: फ्रिज का कंप्रेसर फटने से लगी आग, दम घुटने से बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर

Tue, 17 Nov 2026 12:22 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
फतेहाबाद के नहर कॉलोनी में आग लगने से जला सामान 
विज्ञापन
- शहर की नहर कॉलोनी में रविवार रात की घटना, घर में अकेला था दंपती
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शहर की नहर कॉलोनी में रविवार रात एक घर में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से आग लगने के बाद धुआं फैल गया। दम घुटने से बुजुर्ग गुरदेव गोयल की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर हालत में हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती है। कंप्रेशर फटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने सोमवार को इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शी नहर कॉलोनी निवासी मनीष कुमार ने बताया कि रात करीब दस बजे वह अपने दोस्तों के साथ गली में घूम रहा था। गुरदेव गोयल (74) के मकान से धुआं निकलता देख बचाव के लिए दौड़े। गेट खटखटाया लेकिन किसी ने नहीं खोला। किसी तरह गेट को तोड़कर घर में घुसे। अंदर धुआं भरा था। एक बंद कमरे का दरवाजा किसी तरह खोला उसमें रखा फ्रीज व अन्य सामान पूरी तरह जला पड़ा था। बेड पर गुरदेव गोयल व उनकी पत्नी उषा बहोश पड़ी थीं। पुलिस को सूचना देने के साथ ही पड़ोसियों को बुलाया। दंपती को नागरिक अस्पताल ले गए जहां गुरदेव गोयल को मृत घोषित कर दिया। उषा को हिसार रेफर किया। दंपती जिस कमरे में सोए थे उसी में फ्रिज रखा था। इस वजह से सबसे पहले उसी कमरे में धुआं फैला। दरवाजा बंद होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल पाए। घर की छत में जाल लगा था लेकिन उसे बंद कर रखा था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच में पता चला है कि फ्रिज का कंप्रेसर फट गया था। इससे आग लगी और घर में धुआं फैल गया। कंप्रेशर फटने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है।
विज्ञापन

हिसार और लुधियाना में रहते हैं बेटे
गुरदेव गोयल के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा रुपेंद्र हिसार में जिओ कंपनी में एरिया मैनेजर के तौर पर काम करता है और वहीं रहता है। छोटा बेटा राकेश लुधियाना में बैंकिंग सेक्टर में काम करता है। बेटियों की शादी की जा चुकी है। ऐसे में बुजुर्ग दंपती घर में अकेले ही रहते थे। खाना बनाने के लिए एक महिला को रखा हुआ है जो शाम का खाना बनाकर चली गई थी। पुलिस ने रुपेंद्र की रिपोर्ट पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।

फ्रिज का कंप्रेसर फटने की आशंका कम रहती है
तकनीशियन मनीष कुमार का कहना है कि सामान्य परिस्थितियों में फ्रिज का कंप्रेसर अचानक धमाके के साथ नहीं फटता। इसके पीछे बिजली की खराबी, अत्यधिक गर्मी, दबाव बढ़ना या कंप्रेसर के अंदर तकनीकी खराबी जैसी वजहें हो सकती हैं।
संभावित वजहें
1. कंप्रेसर का अत्यधिक गर्म होना: लगातार चलने, पर्याप्त वेंटिलेशन न मिलने, कंडेंसर कॉइल पर धूल जमने या कूलिंग सिस्टम में खराबी के कारण कंप्रेसर का तापमान बढ़ सकता है।
2. बिजली का उतार-चढ़ाव: वोल्टेज में बार-बार उतार-चढ़ाव से कंप्रेसर की मोटर, वायरिंग और स्टार्ट रिले खराब हो सकते हैं। इससे शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा रहता है।
विज्ञापन

3. रेफ्रिजरेंट गैस का दबाव बढ़ना: कूलिंग सिस्टम में रुकावट, गलत चार्जिंग या अन्य तकनीकी खराबी से दबाव असामान्य रूप से बढ़ सकता है।
4. स्टार्ट रिले या कैपेसिटर में खराबी: इनके खराब होने से कंप्रेसर बार-बार स्टार्ट होने की कोशिश कर सकता है और अत्यधिक गर्म हो सकता है।
5. पुराना या खराब कंप्रेसर: लंबे समय तक इस्तेमाल, जंग, खराबी या आंतरिक तकनीकी खराबी के कारण भी जोखिम बढ़ सकता है।
-
फ्रिज को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें
1. दीवार से दूरी रखें: फ्रिज को दीवार से बिल्कुल सटाकर न रखें। निर्माता के निर्देशों के अनुसार पीछे और किनारों पर पर्याप्त जगह रखें। कई मॉडलों में 10 सेंटीमीटर का अंतर सुझाया जाता है।
2. बिजली की सही व्यवस्था रखें: फ्रिज के लिए अच्छी गुणवत्ता वाला अर्थिंग युक्त अलग सॉकेट लगवाएं। ढीले या जले हुए प्लग और सॉकेट का इस्तेमाल न करें।
3. वोल्टेज स्टेबलाइजर लगवाएं: जहां बिजली के वोल्टेज में उतार-चढ़ाव होता है वहां फ्रिज के अनुकूल स्टेबलाइजर लगवाएं।
4. समय-समय पर सफाई करें: फ्रिज के पीछे लगी कंडेंसर कॉइल और आसपास जमा धूल साफ करवाएं।
5. समय पर सर्विस करवाएं: कंप्रेसर, स्टार्ट रिले, वायरिंग और बिजली के कनेक्शन की तकनीशियन से जांच करवाएं।
6. ज्वलनशील पदार्थ दूर रखें: फ्रिज के आसपास पेट्रोल, थिनर, स्प्रे या अन्य ज्वलनशील पदार्थ न रखें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें