टोहाना(फतेहाबाद)। शहर थाना पुलिस ने प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री कराने के आरोप में पटवारी प्रीतपाल, पार्षद पवन सहित 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस बारे में टोहाना के वार्ड 13 निवासी सूबे सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गिरोह बनाकर फर्जी कागजात से उसका प्लॉट हड़पने की कोशिश की। जांच के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
शिकायत के अनुसार सूबे सिंह खसरा नंबर 188/20/1/2 और 188/20/2 में कुल 6 कनाल 13 मरला में से 2/27 भाग यानी 300 वर्गगज का मालिक है। आरोप है कि गुप्ता काॅलोनी निवासी देवराज ने फर्जी तरीके से इस प्लॉट की रजिस्ट्री इंदिरा कालोनी निवासी जय प्रकाश के नाम करा दी। इसमें खेवट 567, खतौनी 595, खसरा 188/11 का 7/160 भाग यानी 7 मरला दिखाया गया।
आरोप है कि देवराज ने वसीका नंबर 2255 दिनांक 19 अगस्त 2025 से जय प्रकाश के नाम रजिस्ट्री कराई। जय प्रकाश ने वसीका नंबर 3444 दिनांक 10 दिसंबर 2025 से अपने भाई विक्रम सैनी के नाम रजिस्ट्री करा दी। विक्रम ने वसीका नंबर 034 दिनांक 6 अप्रैल 2026 से यह प्लॉट सुमित रंगी को बेच दिया।
शिकायतकर्ता ने देवराज, जय प्रकाश, सरोज, पवन एमसी, प्रीतपाल पटवारी, भारत भाटिया, विक्रम सिंह, राकेश उर्फ बिल्लू, सतनाम, सुमित रंगी, विजय और करमबीर सहित अन्य पर गिरोह बनाकर गरीबों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार शिकायत 12 मई 2026 को दी गई थी। एसडीएम टोहाना व एसपी कार्यालय से जांच के बाद 10 नवंबर 2026 को थाना सिटी में धारा 318(4), 336(3), 338, 340, 61(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इस केस की जांच शहर थाना प्रभारी संदीप कर रहे हैं।