रतिया। शहर पुलिस ने महिलाओं के लोन पास कर लाखों रुपयों का गबन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी गगनदीप सिंह निवासी मलवाला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे हिसार जेल भेज दिया गया।
थाना शहर रतिया प्रभारी एसआई रणजीत सिंह ने बताया कि 27 नवंबर को भारत फाइनेंशियल इंक्लुजन लि. इंडसइंड बैंक, रतिया के प्रबंधक गोबिंद सिंह ने शिकायत दी थी। इसमें गोबिंद ने आरोप लगाया था कि उनका बैंक ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में महिलाओं को लोन देकर उनकी सहायता प्रदान करती है।
गांव मलवाला निवासी गगनदीप सिंह काफी समय से उनकी कम्पनी में फील्ड स्टाफ के पद पर पैसा बांटने और रिकवरी का काम करता था। उनकी कंपनी द्वारा शहर व गांवों में स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं के लोन पास किए हुए थे।
आरोपी गगनदीप सिंह ने 16 महिलाओं से अपने पद का दुरुपयोग करते हुए झूठ बोलकर बड़ा लोन मंजूर करने का झांसा देकर कुछ महिलाओं से जिनका लोन चल रहा था, उनके पास रुपये नकद ले लिए।
कुछ महिलाओं से किश्त के रूप में पैसे लेकर ब्रांच में जमा नहीं करवाए। कंपनी ने जब ऑडिट करवाया गया तो पता चला कि गगनदीप सिंह ने 2.58 लाख रुपये इकट्ठा किए और इसे कंपनी में जमा करवाने के बजाय अपने पास रख लिया। पुलिस ने आरोपी गगनदीप सिंह के खिलाफ गबन के आरोप में केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से करीब 5,000 रुपये बरामद कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे हिसार जेल भेज दिया गया।