फतेहाबाद। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में जिले के किसान, मजदूर और विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने 10 अगस्त को फतेहाबाद में जेल भरो आंदोलन करने का फैसला लिया है। इस दिन जिलेभर से हजारों लोग नई सब्जी मंडी में एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे और डीसी कार्यालय पहुंचकर सामूहिक गिरफ्तारी देंगे।
यह निर्णय शहीद ऊधम सिंह भवन में आयोजित अखिल भारतीय किसान सभा, खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन तथा सीटू के जिला पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता विष्णु दत्त शर्मा, दलबीर सिंह आजाद और गगनदीप कौर ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन ओमप्रकाश अनेजा और मास्टर राजेंद्र प्रसाद बाटू ने किया।
आंदोलन की तैयारियों को गति देने के लिए 10 सदस्यीय किसान-मजदूर तालमेल कमेटी का गठन किया गया। रामकुमार बहबलपुरिया को संयोजक तथा विष्णु दत्त शर्मा और ओमप्रकाश अनेजा को सहसंयोजक बनाया गया है। बैठक में बताया गया कि 10 अगस्त को किसान, खेत मजदूर, परियोजना वर्कर, निर्माण मजदूर, ग्रामीण सफाई कर्मचारी और मनरेगा मजदूर नई सब्जी मंडी में जुटेंगे।
इसके बाद सभी प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचेंगे और स्वेच्छा से गिरफ्तारी देंगे। आंदोलन के प्रचार-प्रसार के लिए अगस्त के पहले सप्ताह में गांवों और मोहल्लों में जनसभाएं आयोजित होंगी। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन हरियाणा के राज्य उपाध्यक्ष रामकुमार बहबलपुरिया और जगतार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से खेती, रोजगार, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
उनका कहना था कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान जनहित की नीतियां अपनाने से ही संभव है इसलिए व्यापक जनआंदोलन की जरूरत है। बैठक में प्यारा राम म्योंद, जगदीश शर्मा, प्रभुराम, केवल सिंह, अमर सिंह तलवाड़ा, मनु गोरखपुर और धर्मपाल जांडली सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।