जिले में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार जारी है। मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। मंगलवार को जिले में इस माह के छह दिन में पांचवीं मौत हो गई है। इसके बाद जिले में मौत का आंकड़ा 128 तक पहुंच गया है। जाखल निवासी व्यक्ति की हिसार के निजी अस्पताल में मौत हुई है। एक दिन पहले संक्रमित मिला था और निजी अस्पताल में दाखिल था। मंगलवार दोपहर को उपचार के दौरान मौत हो गई।
वहीं जिले में मंगलवार को सरकारी स्कूल के छठी कक्षा के सात छात्रों व निजी स्कूल के दो शिक्षकों समेत 36 नए केस मिले हैं। इसके अलावा 25 मरीज ठीक भी हुए हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 223 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद के जगजीवनपुरा निवासी बुजुर्ग महिला, सुभाष चौक निवासी बुजुर्ग, भट्टूकलां निवासी बुजुर्ग, खान मोहम्मद निवासी युवती, सूर्या इनकलेव निवासी युवक, फतेहाबाद के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के छठी कक्षा के सात छात्र व एक शिक्षक, स्वामी नगर निवासी बुजुर्ग महिला, टोहाना के निजी स्कूल के दो शिक्षक कोरोना संक्रमित मिले है। मंगलवार को लैब से 549 सैंपलों की रिपोर्ट आई है।
पीपीई किट पहनकर छात्रों की ली परीक्षा :
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मंगलवार को शिक्षक ने पीपीई किट डालकर दो छात्रों की परीक्षा ली। बारहवीं कक्षा के दोनों छात्र जांच में कोरोना संक्रमित मिल थे। मंगलवार को प्रायोगिक थी। दोनों छात्र एंबुलेंस में परीक्षा देने के लिए स्कूल में पहुंचे। इस दौरान शिक्षक ने पीपीई किट डालकर दोनों छात्रों की परीक्षा ली।
एक केस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 5299 तक पहुंचा
जिले में कोरोना संक्रमित पहले मरीज की पुष्टि पिछले साल 6 अप्रैल को हुई थी। इसके बाद मरीजों का आंकड़ा बढ़ता हुआ 5299 तक पहुंच गया है। इसमें से 128 मरीज जान भी गवां चुके है। अहम बात यह है कि 4948 मरीज ठीक भी हुए हैं।