फतेहाबाद के कबीर बस्ती में नशा बिक्री को लेकर इक्ट्ठे हुए लोग संवाद
फतेहाबाद। कबीर बस्ती में नशे के बढ़ते असर से परेशान लोगों ने शुक्रवार सुबह 13 युवकों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि मोहल्ले में नशा खरीदने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में युवक पहुंचते हैं। पुलिस ने सभी को डिटेन किया है।
मोहल्लावासियों के अनुसार क्षेत्र में दो-तीन लोग नशा बेचते हैं। इनके पास रोजाना सैकड़ों युवक पहुंचते हैं। इससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। शुक्रवार सुबह लोगों ने एकजुट होकर कई युवकों को पकड़ लिया। इस दौरान महिलाओं ने भी मोर्चा संभाला।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को थाने ले गई। पुलिस के अनुसार मौके पर किसी युवक के पास नशीला पदार्थ नहीं मिला। पूर्व पार्षद विजय किराड़ ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में दो-तीन घरों से नशे की बिक्री होती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कई बार आती है और जांच के बाद लौट जाती है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि मोहल्ले के लोग नशे के खिलाफ प्रशासन का साथ देने के लिए तैयार हैं।
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि 13 लोगों को डिटेन किया गया है। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास नशीले पदार्थ की बिक्री या खरीद की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दें।
-
गुरुनानकपुरा में दो बार सामने आया नशे का मामला
गुरुनानकपुरा मोहल्ला भी नशे के मामलों में पुलिस की निगरानी में है। पुलिस यहां दो बार घरों में युवकों को बैठाकर नशा करवाने का मामला पकड़ चुकी है। आरोप था कि 100 रुपये लेकर नशा करवाया जाता था। कई घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इनके जरिए आने-जाने वालों पर नजर रखी जाती थी।