कंधे में दर्द होने के बावजूद कांस्य ले आई फतेहाबाद की बेटी वर्षा
फतेहाबाद। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई राष्ट्रीय स्तर की खे्लो इंडिया गेम्स में फतेहाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। फतेहाबाद की बेटी रेस्लर वर्षा गढ़वाल नेे तो कंधे में दर्द के बावजूद इस प्रतियोगिता में भाग लिया औैर कांस्य पदक हासिल करने में सफलता हासिल की। इसके अलावा भी जिले के छह अन्य खिलाड़ियों ने पदक हासिल करके जिले का मान बढ़ाया है। फतेहाबाद से इस बार खेलो इंडिया गेम्स में 14 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें सात पदक हासिल करने में सफल रहे। इनमें चार स्वर्ण व तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
फतेहाबाद के गांव दौलतपुर निवासी वर्षा गढ़वाल खेलो इंडिया गेम्स के लिए लंबे समय से तैयारी कर रही थी। इस बार जब मध्यप्रदेश में खेला इंडिया गेम्स की घोषणा हुई तो वर्षा ने भी जोर आजमाइश आरंभ कर दी थी। खेल से कुछ समय पहले ही वर्षा के कंधे में दिक्कत आ गई और उसका कंधा चार इंच आगे सरका हुआ था। उसके फिजियो ने भी उसे खेलने से मना किया, लेकिन वर्षा यह गेम्स नहीं छोड़ना चाहती थी और उसने कुश्ती प्रतिस्पर्धा में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। कंधे में दर्द के बावजूद उसने कांस्य पदक के लिए दिल्ली की मानसी बढ़ाना को मात्र 30 सेकेंड में ही चित कर दिया और कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया। वर्षा गढ़वाल की जीवटता पर कुश्ती संघ के अधिकारियों ने भी काफी प्रशंसा की है। इससे पहले वर्षा ने 28 दिसंबर को हुए नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था। वहीं वह पिछले साल हुए खेलो इंडिया गेम्स में भी कुश्ती में स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी है।
वहीं फतेहाबाद जिले के साइकलिंग के खिलाड़ियों ने भी इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। गांव अयाल्की के नीरज राइका ने साइकलिंग के दो इवेंट में स्वर्ण, गांव बनावाली की दीपिका व रमन ने स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। गांव मानावाली के सुशील ने कुश्ती व बनावाली की सपना ने भाला फेक में स्वर्ण पदक हासिल किया।
कोट
फतेहाबाद के खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया में अच्छा प्रदर्शन किया है। जो खिलाड़ी मेडल जीतकर आए हैं, उनको जल्द ही सम्मानित किया जाएगा। साथ ही इनको स्कॉलरशिप दी जाएगी तथा ट्रेनिंग व डाइट के लिए हर माह प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
सतविंद्र गिल जिला खेल अधिकारी, फतेहाबाद