फतेहाबाद। शहर में आपराधिक वारदात लगातार बढ़ रही है। रविवार अलसुबह करीब चार बजे शहर में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दो घंटे में तीन वारदात को अंजाम दिया। लूटपाट का विरोध करने पर सब्जी विक्रेता पर हमला कर जख्मी कर दिया। फिर पीडब्ल्यूडी के डिप्टी सुपरिटेंडेंट वासुदेव से अंगूठी लूटकर बदमाश फरार हो गए। गीता मंदिर रोड पर भी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने सैर कर रहे युवक को रोककर तलाशी ली, जेब में कुछ न मिलने पर लौट गए। शहर थाना प्रभारी राजपाल टीम के साथ पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की।
रविवार सुबह चार बजे फतेहाबाद के दुर्गा मंदिर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने अग्रवाल कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता पवन राठौर द्वारा लूट का विरोध करने पर उनके सिर पर डंडों से वार कर जख्मी कर दिया। बदमाश मोटरसाइकिल लूटने में कामयाब नहीं हो पाए। पवन ने बताया कि मोटरसाइकिल पर तीन नकाबपोश युवक थे। पीछे बैठे दो युवकों ने उसके सिर पर कई बार डंडों से वार किए। अस्पताल में सब्जी विक्रेता का प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया।
इसके बाद दूसरी वारदात सुबह करीब 6.30 बजे मिनी बाईपास के पास पीडब्ल्यूडी के डिप्टी डिप्टी सुपरिटेंडेंट वासुदेव को चाकू मारने की धमकी देकर मोटरसाइकिल पर आए बदमाश अंगूठी लूटकर फरार हो गए । वासुदेव ने बताया कि मातूराम कॉलोनी से स्वामी नगर के रास्ते के बीच वह टहल रहे थे। इस दौरान मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और उनसे माचिस मांगी। उसने कहा कि नहीं है और वह चले गए। युवक दोबारा आए और उसे रोककर कहा कि जो कुछ भी पास में है दे दो नहीं तो चाकू मार देंगे। बदमाशों ने हाथ में डाली अंगूठी लूटकर फरार हो गए। युवक पंजाबी भाषा में बात कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इस बीच गीता मंदिर रोड पर भी मोटरसाइकिल पर आए युवकों ने सैर कर रहे युवक को रोककर तलाशी ली, जेब में कुछ न मिलने पर लौट गए।
पिछले दस दिनों में यहां हो चुकी है मुख्य वारदात
- भूना और भट्टूकलां में बिजली निगम के 18 कमरों के ताले तोड़कर बदमाशों ने तार और अन्य सामान चोरी किया।
- फोरलेन पर दिल्ली से सिरसा के लिए किराए पर ली गई कार लूटी, चालक को मारी गई गोली।
- फतेहाबाद से रतिया के लिए किराये पर की गई कार लूटी।
- फतेहाबाद के चार मरला कॉलोनी में घर में घुसकर चोरों ने नकदी व सोने के जेवर चुराए।
- शहर के अप्पू नगर और बीघड़ रोड पर घरों में घुसकर गैस सिलिंडर चुराए।
कोट
शहर के मिनी बाईपास पर पीडब्ल्यूडी के डिप्टी सुपरिटेंडेंट से अंगूठी छीनी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज जांची गई है। जल्द ही युवकों को पकड़ लिया जाएगा।
- राजपाल सिंह, शहर थाना प्रभारी