पटवारियों के एक स्थान पर बैठने से लोगों के राजस्व संबंधी काम आसानी से हो सकेंगे। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने टोहाना लघु सचिवालय परिसर में नए पटभार भवन के शुभारंभ के मौके पर कही।
इस अवसर पर एसडीएम सतीश कुमार, तहसीलदार नवदीप नैन और डीएसपी रवींद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे।
लघु सचिवालय के प्रथम तल पर डीएसपी कार्यालय के साथ बनाए गए नए पटवार भवन का उद्घाटन करते बराला ने कहा कि लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पटवारियों को ढूंढने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब पटवारियों के बैठने के लिए एक स्थान निर्धारित होने से लोगों की यह परेशानियां हल हो जाएंगी। पटवारियों के लिए संबंधित गांव में जाने के लिए एक दिन निर्धारित किया जाएगा बाकी चार दिन वे यहीं पटवार भवन में उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि अब पूरी तहसील एक ही छत के नीचे आ गई है। पटवारियों से संबंधित लोगों की काफी शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं जिनका अब स्थाई समाधान हो जाएगा। उन्होंने ऐसी व्यवस्था करने के लिए प्रशासन की सराहना की।
संबंधित गांव की पंचायत को भी मिलेगी पटवारी के आने की सूचना
तहसीलदार नवदीप नैन ने बताया कि पटवारियों के लिए बायोमीट्रिक माध्यम से हाजिरी लगानी शुरू कराई गई है ताकि वे कार्यालय के समय में लोगों के लिए उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि पटवारियों का गांव में जाने का एक शेड्यूल बनाया जाएगा जिसकी सूचना संबंधित गांव की पंचायत को भी होगी तथा यह शेड्यूल लघु सचिवालय परिसर में भी चस्पा किया जाएगा। जब पटवारी क्षेत्र में जाएंगे तो उनके लिए हलचल रजिस्ट्री में एंट्री करके जाना अनिवार्य होगा।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मार्केट कमेटी चेयरमैन रिंकू मान, नप चेयरमैन कुलदीप सिंह, उपप्रधान प्रतिनिधि रवींद्र मेहता, नरेंद्र गर्ग बंटू, वेद जांगड़ा, कामराज शर्मा, सन्नी सचदेवा, निजी सचिव कृष्ण नैन, जिले सिंह बराला, जयवीर मूंड, नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार, सचिव संदीप सोलंकी, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी व भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद थे।