एक्सटेंशन लेक्चरर के हड़ताल पर होने एवं पढ़ाई प्रभावित होने से गुस्साई छात्राओं ने एसएफआई के नेतृत्व में शनिवार को कॉलेज के बाहर बवाल काटा और फतेहाबाद भट्टू रोड जाम कर दिया। गुस्साई छात्राओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही छात्राओं सुनीता, गीता, रिया आदि ने बताया कि पिछले कई दिनों से एक्टेंशन लेक्चरर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिसकी वजह से प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। एसएफआई के नेताओं ने बताया कि महाविद्यालय आने वाली लड़कियों के लिए स्पेशल बसें लगी हैं लेकिन प्रशासन मनमानि कर कभी बसों को चलाता है कभी नहीं।
प्रदर्शनकारी छात्राओं को प्रशासन की तरफ से एसआई रामकुमार ने बातचीत कर उनकी जायज मांगों का समाधान करवाने का आश्वासन दिलवाकर रोड जाम खुलवाया। महाविद्यालय के गेट के सामने प्रदर्शनकारियों ने मीटिंग कर उनकी मांगों के समाधान न होने की सूरत में एक्टेंशन लेक्चरर के साथ आंदोलन करने की घोषणा करते हुए 27 फरवरी को कक्षाओं का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।