संसद में मंगलवार को प्रस्तुत रेल बजट में फतेहाबाद वासियों के हाथ कुछ नहीं लगा। फतेहाबाद के लोग रेल लाइन की उम्मीद को लेकर दिनभर टीवी से चिपके रहे। लेकिन शहर का जिक्र तक नहीं हुआ। भले ही फतेहाबाद वासियों को मोदी के पहले रेल बजट से निराशा ही हाथ लगी हो लेकिन टोहाना से शताब्दी सहित लंबी दूरी की दो ट्रेनें शुरू होने से लोगों ने सरकार को धन्यवाद भी दिया।
मंगलवार को रेलमंत्री संसद में बजट प्रस्तुत कर रहे थे। लेकिन फतेहाबाद के लोग टीवी पर फतेहाबाद, अग्रोहा, सिरसा का नाम सुनने के लिए तरस रहे थे। बजट के दौरान रेल मंत्री ने एक बार भी शहर का जिक्र नहीं किया। लोगों को उम्मीद थी यहां नई सरकार बजट में सर्वे का प्रावधान या इससे अगले कदम की घोषणा करेगी। रेल बजट को सत्ताधारी नेताओं व लोगों ने सराहा तो विपक्षियों ने इसकी कड़ी आलोचना की।
अगले रेल बजट में जोड़ा जाएगा: भाजपा
भाजपा के जिला प्रधान मोलूराम रूल्हानिया ने कहा अभी एक महीना ही हुआ है सरकार बने। अगले बजट में फतेहाबाद को रेल लाइन से जोड़ने की घोषणा हो सकती है। उन्होंने मुंबई से कटरा वाया जाखल रेल लाइन चलाने का स्वागत किया है।
नरवाना-हिसार रेलवे लाइन दुष्यंत की मांग थी: इनेलो
इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता सरदार निशान सिंह ने कहा कि घोषणाएं तो हरियाणा की कांग्रेस सरकार भी बहुत करती है। यूपीए-टू ने भी घोषणाएं बहुत की थी। मगर मोदी सरकार अपने वादों को पूरा करती हैं तो हम सरकार को शुभकामनाएं देते है। नरवाना हिसार रेलवे लाइन के लिए हमारे हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला रेल मंत्री से मिले थे जिससे उनकी मांग पूरी हो गई है।
हमारी अनदेखी हुई: सांसद
इनेलो सासंद चरणजीत रोड़ी ने कहा कि हमने रेल मंत्री से मिलकर फतेहाबाद को रेल लाइन से जोड़ने, नरवाना-हिसार लाइन शुरू करने सहित कई मांगे रखीं थी। लेकिन बजट में फतेेहाबाद को रेल सर्वे के बारे कुछ नहीं बोला गया। हमारी कुछ मांगे पूरी हुई हैं, अधिकांश मांगों की अनदेखी हुई है। हम रेल बजट में चर्चा के दौरान संसद में रेल मंत्री से पूछेंगे कि उनकी मांग पूरी होगी या नहीं। सांसद ने कहा कि फतेहाबाद को रेल लाईन से जोड़ने की मांग वह जरूर उठाऐंगे। और मंत्री से जवाब मांगेंगे।
उत्साहित है टोहाना के लोग
टोहाना दिल्ली-बठिंड़ा व मुंबई से कटरा रेल गाड़ी वाया टोहाना शुरू होने की घोषणा से टोहाना के लोग मोदी सरकार के पहले रेल बजट से उत्साहित है। वही लोगों ने गाड़ियों में सुविधाएं और बढ़ाने की मांग कि है। रेलवे के बजट आने से यात्रियों में उत्साह देखने को मिला लोगों ने बजट का स्वागत किया व्यापारियाें ने भी कहा कि रेल बजट से सुविधाएं बढे़गी जो नई गाड़ियां चलाई गई है उनका स्टाप टोहाना रेलवे स्टेशन पर होने से सैकड़ों यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। कुछ वर्षों से लंबित टोहाना-फतेहाबाद को रेलवे से जोड़ने की मांग अभी भी लंबित है।
व्यापार मंडल को है उम्मीद
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन सचिव जगदीश पाहवा ने कहा कि टोहाना रेलवे स्टेशन की जो दुर्दशा है उसको ध्यान में रखकर बजट आता तो लाभकारी टोहाना के लिए होता। टोहाना मे दूसरी टिकट विंडो की मांग है। मगर सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह ने जो वादा किया है कि टोहाना रेलवे स्टेशन को आधुनिक बना देंगे उन पर विश्वास है कि टोहाना के लिए कुछ सौगात और मिल जाएगी।
कांग्रेसी नेता कृष्णा पूनियां ने कहा कि रेल बजट से निराशा हाथ लगी है। पिछले बजट में नई रेल लाइन की घोषणा की गई थी। उसके लिए किसी तरह के पैसे का प्रावधान या जिक्र नहीं किया गया।