गांव पिलछियां की सरपंच को फर्जी दस्तावेज मिलने पर निलंबित करने के बाद पंच रमनजीत कौर को कार्यवाहक सरपंच चुन लिया गया है। आम चुनावों में वीरपाल कौर को यहां से सरपंच चुना गया था, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी डिग्री को फर्जी बताते हुए इसकी शिकायत उपायुक्त से की थी।
मामले की जांच डीडीपीओ द्वारा की गई। इसके बाद उपायुक्त एनके सोलंकी ने डीडीपीओ राजेश खोथ की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते सरपंच को निलंबित कर दिया गया था। इस पर उपायुक्त ने बहुमत वाले पंच को कार्यवाहक सरपंच बनाने का आदेश दिया था। इसको अमल में लाते हुए शुक्रवार को बीडीपीओ कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता बीडीपीओ रवींद्र दलाल ने की जबकि कार्यवाही ग्राम सचिव सुभाष चंद ने की। बैठक में ग्राम पंचायत पिलछियां के 9 पंचों ने हिस्सा लिया और सर्वसम्मति से रमनजीत कौर को कार्यवाहक सरपंच चुन लिया गया। इस बैठक में गुरदास पंच ने रमनजीत कौर को कार्यवाहक सरंपच बनाने का प्रस्ताव रखा। जिसे पंच अमरीक सिंह, हरबंस सिंह, सुरेंद्र सिंह, अमनदीप सिंह, इकबाल सिंह, मनप्रीत कौर, मलकीत आदि ने रमनजीत कौर को अपना समर्थन दिया ।