नागरिक अस्पताल में पीपीपी मोड़ पर चल रहे सेंटर में मरीजों की फ्री डायलिसिस होगी। इसके लिए फैमिली आईडी जरूरी की गई है। निजी अस्पतालों से आने वाले मरीजों को भी फायदा मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग भुगतान करेगा। केंद्र में 50 मरीजों की डायलिसिस चल रही है।
फतेहाबाद नागरिक अस्पताल में प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप के तहत चल रहे डीसीडीसी किडनी केयर में मरीजों की फ्री डायलिसिस होगी। अब किसी भी श्रेणी का मरीज केंद्र में फ्री डायलिसिस करवा सकेगा लेकिन उसे योजना का लाभ तभी मिलेगा, जब उसके पास परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) होगा।
विज्ञापन
मरीज हरियाणा का निवासी होना भी जरूरी है। नागरिक अस्पताल के केंद्र में पहले कुछ श्रेणी के मरीजों को ही फ्री डायलिसिस का लाभ मिल रहा था लेकिन अब सभी के लिए सुविधा कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग डायलिसिस केंद्र को भुगतान करेगा।
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में चल रहे केंद्र में फिलहाल 50 मरीजों की डायलिसिस चल रही है। इसमें बीपीएल श्रेणी के 35, आयुष्मान योजना के तहत पांच, अनुसूचित जाति के तहत दो, हरियाणा कर्मचारी योजना के तहत दो, अर्बन स्लम के तहत तीन और ईडब्ल्यूएस के तहत एक और दो मरीज नकद राशि भुगतान करके उपचार ले रहे हैं। केंद्र के अधिकारियों के अनुसार अगर मरीज किसी योजना की श्रेणी में नहीं आता था तो सामान्य से 1013 रुपये और काला पीलिया ग्रस्त मरीज से 1143 रुपये लिए जाते थे।
केंद्र में हैं 8 मशीनें, एचआईवी और एचसीवी के लिए भी सुविधा
पीपीपी मोड़ के तहत चल रहे केंद्र में 8 मशीनें हैं। इसमें पांच मशीनें निगेटिव मरीजों के लिए है, इसके अलावा दो मशीनें हेपेटाइटिस सी और बी के लिए और एक मशीन एचआइवी के लिए है।
केंद्र ही उपलब्ध करवाता है विशेषज्ञ
नागरिक अस्पताल में किडनी रोग विशेषज्ञ नहीं है। हालांकि डीसीडीसी किडनी केयर की तरफ से माह में दो दिन विशेषज्ञ की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। सेंटर में हर माह के पहले और तीसरे वीरवार को नेफ्रोलॉजिस्ट मरीजों की जांच करते है।
पीपीपी मोड पर अस्पताल में मरीजों को डायलिसिस सुविधा दी जा रही है। अब सभी श्रेणी के मरीजों को केंद्र में डायलिसिस सुविधा का निशुल्क उपचार मिलेगा। विभाग की तरफ से केंद्र को भुगतान किया जाएगा। - डॉ.बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल।
केंद्र में डायलिसिस के लिए आठ मशीनें हैं और सभी सक्रिय है। केंद्र में माह में दो दिन नेफ्रोलॉजिस्ट भी आते है जो कि मरीजों की जांच करते हैं। - रूबल सहारण, रीजनल मैनेजर, डीसीडीसी किडनी केयर।