गांव खाबड़ा कलां के पंचायत भवन में शुक्रवार को ग्रामीणों की आमसभा का आयोजन किया गया। इसमें गांव में मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और डीजे बंद करने का फैसला लिया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। अध्यक्षता सरपंच प्रतिनिधि विजेंद्र गोदारा ने की। गांव की इस आमसभा में बुजुर्ग, युवा और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में पंचायत द्वारा गांव खाबड़ाकलां और खुर्द के लिए दस सूत्री घोषणा की गई। यह फैसला एक जनवरी से लागू होगा। पंचायत द्वारा लिए गए फैसले में गांव में मृत्यु भोज पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसकी अवहेलना करने वाले परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। गांव में बारात या अन्य कार्यक्रम में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। स्कूल और धार्मिक कार्यक्रम में कोई रोक नहीं है।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले व्यक्ति पर पंचायत द्वारा जुर्माना लगाया जाएगा। गांव में शमशान भूमि की सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से की जाएगी। पशुपालक अपने पशुओं को सार्वजनिक जगहों पर प्रवेश नही करने देंगे। पंचायती फैसले के मुताबिक जो भी परिवार दो लड़कियों के जन्म के बाद नसबंदी कराता है तो उसे पंचायत प्रोत्साहन के रूप में 5100 रुपये देगी। एक बच्चे पर नसबंदी कराने पर 11000 रुपये प्रोत्साहन के रूप में दिया जाएगा। सुकन्या समृद्धि योजना व लाडली योजना से जुड़ने वाले बेटियों के परिवार को पंचायत 500 रुपये व प्रोत्साहन पत्र देकर सम्मानित करेगी।
बच्चों के जन्म पर घर या खेत में एक पौधा लगाया जाएगा। स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले परिवार को पंचायत सर्वे कराकर सम्मानित करेगी। गांव के सम्मान के लिए खेल, शिक्षा या किसी अन्य क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने पर पंचायत उसे खाबड़ा गौरव की उपाधि से सम्मानित करेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पंचायत द्वारा लिए गए ये फैसले बहुत ही अच्छे है। ग्रामीणों को आपस में मिलजुल कर प्रेम से रहना चाहिए। इससे जहां गांव के विकास को गति मिलती है। वही आपसी भाईचारा बना रहता है। युवाओं को समाज हित के लिए आगे आकर अपना अहम योगदान देना चाहिए।
नशे के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि यह सबसे बड़ी बुराई है। इसे दूर करने के लिए लोगों को जागृत होने की जरूरत है। नशे से परिवार व समाज का नाश होता है। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं अभियान के बारे में भी लोगों को विस्तार से बताया। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन अनिल गोरछिया, थाना प्रभारी मुकेश बेनिवाल, सरपंच प्रतिनिधि विजेंद्र गोदारा, बलजीत बेनिवाल, पूर्व सरपंच रवि बेनिवाल, चरणजीत खाबड़िया, जगदीप गोदारा, महेंद्र सिंह, राजेंद्र सांगा, सुंदर गोदारा, हरफुल बेनिवाल, राजेंद्र चोयल, ओमप्रकाश चोपड़ा, भगत सिंह, रामसिंह, रमेश, रघुबीर, जयबीर, सुभाष सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।