फतेहाबाद में नोट बंदी के तीन सप्ताह बाद भी बैंकों और एटीएम के बाहर से लोगों की कतारें कम होने का नाम नहीं ले रही। मंगलवार अलसुबह ही लोग एटीएम और बैंकों के बाहर पहुंचने शुरू हो गए लेकिन कई बैंकों और अधिकतर एटीएम में कैश ना होने के चलते उन्हें बैरंग ही लौटना पड़ा।
हालांकि बैंक अधिकारियों की मानें तो पिछले दो दिन में काफी कैश आया है लेकिन डिमांड काफी ज्यादा होने के कारण वो कैश भी काफी नहीं पड़ रहा। बैंक अधिकारियों की मानें तो अभी जिले के अधिकतर एटीएम अपडेट नहीं हुए हैं जिसके कारण एटीएम पर आने वाला उपभोक्ता भी बैंक में नोट निकालने पहुंच रहा है। जबतक एटीएम सामान्य रूप से चालू नहीं होते, तब तक कैश को लेकर ये संकट बना रह सकता है।
पांच सौ के नए नोट की थी आस, एटीएम ने निकाले सौ-पचास, बैंकों से मिले बीस के नोट
हजारों की संख्या में मंगलवार को बैंक और एटीएम पहुंचे लोगों को उम्मीद थी कि आज तो उन्हें पांच सौ के नए नोट मिल ही जाएंगे लेकिन ये तमन्ना बहुत कम लोगों की पूरी हो सकी। अधिकतर जगह एटीएम ने भी महज सौ और पचास के ही नोट निकाले। कई बैंकों में नकदी का इतना बुरा हाल हो चुका था कि ग्राहकों को 20-20 के भी नोट देने पड़े। हालांकि दोपहर एक बजे के बाद कई जगह पर चैक के जरिए पैसे निकलवाने वाले उपभोक्ताओं को जरूर दो हजार के नोट नसीब हुए। लेकिन पांच सौ के नोट अभी भी काफी कम उपभोक्ताओं को ही उपलब्ध हो पाएं हैं।
नोट बदलने के लिए अभी तक किसी बैंक में नहीं दिखे वीआईपी
मंगलवार को बैंक खुलने के बाद से लोगों की बैंकों में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो रही है। नोट बंदी को इतने दिन बीतने के बाद भी बैंकों में खड़े लोग मंगलवार को ये कानाफूसी करते नजर आए कि जब सारी जनता ही नोट बदलने बैंकों में पहुंच रही है तो जिले के वीआईपी अपने नोट कहां जमा करवा रहे हैं। इससे पहले भी जब नोट बदले जा रहे थे, तब भी शहर के वीआईपी बैंकों में नहीं दिखे। हैरानीजनक रूप से ना तो सोमवार को और ना ही मंगलवार को जिले का कोई भी नेता, अधिकारी बैंकों में नहीं दिखा।