ग्राम उदय से भारत उदय के तहत जिलेभर की ग्राम पंचायतों को प्रधानमंत्री मोदी का झारखंड से सीधा संदेश सुनाने के लिए जितने ढिंढोरे प्रशासन ने पीटे थे, जमीनी धरातल पर वो सभी वास्तव में फटे ढोल निकले। जिले भर की अधिकतर पंचायतें ग्राम उदय से भारत उदय के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पूरी तरह से सुन ही नहीं सके।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी का झारखंड से सीधा भाषण दूरदर्शन न्यूज चैनल के माध्यम से आना था, लेकिन जिले के आला अफसर यह पता करना ही भूल गए कि अधिकतर गांवों में यह चैनल उपलब्ध ही नहीं है। इसके चलते मोदी का भाषण लोगों को निजी न्यूज चैनलों के माध्यम से आधा-अधूरा या यूं कहें कि टुकड़ों में सुनना पड़ा। वो भी बहुत कम देर का।
भोड़िखाखेड़ा में नहीं है पंचायत घर, सरपंच के घर पर सुना पीएम का संबोधन
जिले के अफसरों के सबसे नजदीकी गांव भोडिय़ाखेड़ा में इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा अमर उजाला द्वारा लिया गया तो तैयारियों के नाम पर एक कोशिश तक नहीं दिखाई दी। गांव में पंचायत घर ना होने से पहले गांव के सरकारी स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किए जाने का एलान किया गया लेकिन अचानक सरपंच हवा सिंह ने घर पर ही टीवी चलाकर कार्यक्रम देखने का एलान कर दिया।
भोडिय़ाखेड़ा गांव में सरपंच के अलावा 20 ग्राम पंचायत के सदस्य हैं, लेकिन वो भी पूरे ना हो सके। भाजपा की ओर से प्रत्येक गांव में नियुक्त किए पर्यवेक्षकों को छोड़ दें तो भोडिय़ाखेड़ा गांव में बमुश्किल सात वे लोग शामिल हुए, जो वर्तमान पंचायत से संबंध रखते हैं। हालांकि एक बात जो सुखद रही, वह यह कि विपक्षी दल इनेलो के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र सिहाग भी पीएम मोदी का संदेश सुनने सरपंच के घर पहुंचे।
गांव की एक भी महिला सदस्य ने नहीं सुना भाषण
झारखंड से अपने लाइव भाषण के जरिए पीएम मोदी ने अपने भाषण का अधिकतर समय देशभर की महिला जनप्रतिनिधियों पर केंद्रित रखा लेकिन गांव भोडिय़ाखेड़ा की 6 में से एक भी महिला पंचायत सदस्य उनका भाषण सुनने के लिए वहां मौजूद नहीं थी। इसी गांव की रहने वाली जिला परिषद वार्ड-4 की पार्षद सुशीला सिहाग भी नहीं पहुंची।
उनकी जगह उनके पति जोगेंद्र सिहाग पहुंचे। उनसे जब जिप पार्षद के ना पहुंचने की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा, उन्होंने क्या करना है। उनकी क्या जरूरत है। महिला सदस्यों की छोड़िए, खुद सरपंच हवा सिंह के घर की महिलाएं भी इतने महत्वपूर्ण संदेश को सुनने की बजाए अपने घर के कामकाज में ही लगी रही।
मोदी के भाषण के बाद सरपंच ने की चर्चा
न्यूज चैनलों पर पीएम नरेंद्र मोदी के लगभग सात मिनट के भाषण के बाद भोड़ियाखेड़ा के सरपंच हवा सिंह ने उनके भाषण पर चर्चा की। चर्चा में निकला कि ग्रामसभा की बैठक में सबका पहुंचना अनिवार्य किया जाए और अगली बैठक में गांव के प्रत्येक घर में शौचालय बनाने के लिए सबको प्रेरित किया जाएगा।