नेशनल हाईवे स्थित पंजाब नेशनल बैंक में शुक्रवार देर शाम लगी आग के कारण अब यहां कई दिनों तक काम नहीं हो सकेगा। बैंक में आग लगने से 15 हजार खाता धारकों के अलावा कई बड़े व्यापारियों का करोड़ों के लेनदेन का कारोबार प्रभावित हुआ है। बैंक अधिकारियों के अनुसार, सोमवार से पीएनबी शाखा का काम लीड बैंक कार्यालय में शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा शहर की दो अन्य शाखाओं में बिना किसी चार्ज के खाताधारक अपनी सेवाएं ले सकेंगे। उधर, शनिवार को भी खातों धारकों में हड़कंप की स्थिति रही। उपभोक्ता अपनी जमा पूंजी व लॉकर को लेकर बैंक अधिकारियों से सुरक्षित होने की हामी भरवाते देखे गए।
शनिवार सुबह पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल हेड महेश पुरोहित अधिकारियों के साथ पीएनबी की मुख्य ब्रांच में पहुंचे। उन्होंने आग लगने से हुए नुकसान का जायजा लिया। बैंक के नौ एसी, 30 पंखे, 12 कंप्यूटर के अलावा पूरा फर्नीचर व बिजली का सामान पूरी तरह से राख हो गया। हालांकि, बैंक का रिकॉर्ड रूम, लॉकर व कैश पूरी तरह से सेफ रहा। बताया गया है कि बैंक का रिकार्ड व कैश स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर ही रखा हुआ था। यह भी संयोग की बात है कि स्ट्रॉन्ग रूम में अब तक नकदी ही रखी जाती थी।
रिकार्ड व लॉकर बच जाने से बैंक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस बैंक में 450 उपभोक्ताओं के लॉकर हैं। अगर यहां आग की लपटें पहुंच जाती तो बहुत बड़ा नुकसान हो सकता था। शनिवार को लॉकर संचालक मालिक व खाता धारक अपनी संपत्ति सही सलामत होने की गारंटी लेते दिखे। इसी ब्रांच में 15 हजार लोगों के खाते हैं। 15 हजार खाता धारकों में जिज्ञासा बनी रही कि उन्हें अपने खाते की रिपोर्ट मिले। बैंक अधिकारियों ने इस बात को माना है कि किसी भी खाता धारक का कोई नुकसान नहीं हुआ।
180 शाखाओं को डील करता है लीड बैंक
इसी बैंक में लीड बैक कार्यालय है। यह सभी बैंकों का अग्रणी बैंक है। इसी कार्यालय से ही सभी बैंकों की 180 शाखाओं का डील किया जा रहा है।
स्ट्रांग रूम की मजबूती के कारण नहीं पहुंच पाई आग की लपटें
पीएनबी ब्रांच के पीछे और लीड बैंक कार्यालय के बराबर ही स्ट्रॉंग रूम बना हुआ है। आग की लपटें दीवार तक पहुंच गई लेकिन आगे नहीं पहुंच पाई। इस कारण बैंक का रिकार्ड व लॉकर बच गए। बैंक अधिकारियों की मानें तो स्ट्रांग रूप पूरी तरह से आरबीआई के दिशा-निर्देश के अनुसार बना हुआ है।
ब्रांच में आगजनी के बाद रेनोवेशन इत्यादि के काम मे समय लगेगा। इस कारण बैंक का काम सोमवार से लीड बैंक कार्यालय में शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा शहर के एमएम कॉलेज और अनाजमंडी ब्रांच में खाता धारक बिना किसी चार्ज बैंक की सेवाएं ले सकते हैं।
महेश पुरोहित, सर्कल हेड, पंजाब नेशनल बैंक
बैंक में आगजनी के बाद सभी लॉकर सुरक्षित हैं। किसी खाताधारक का कोई नुकसान नहीं हुआ है। खाताधारक अपनी जमा पूंजी व लॉकर को लेकर निश्चिंत रहें। अफवाहों पर ध्यान न दें।
जीएस मल्होत्रा, डिप्टी मैनेजर लीड बैंक मैनेजर