अगर आपने बैंक लाकर में पैसा, सोना व जरूरी कागज रखे हैं तो थोड़ा सावधान हो जाइये क्योंकि वह वहां पर भी सुरक्षित नहीं है। कारण फतेहाबाद का कोई भी बैंक अग्नि शमन के नियमों को पूरा नहीं करता है। इस बात का खुलासा पीएनबी ब्रांच में लगी आग के बाद दमकल विभाग ने किया है। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी बैंक बिना एनओसी के चल रहे हैं। बैंकों में प्राथमिक तौर पर आग बुझाने के लिए कोई यंत्र नहीं लगे हैं। एनओसी संबंधित मामला सामने आने पर लीड बैंक मैनेजर ने सभी बैंकों निर्देश जारी करने की बात कही है।
अग्रणी बैंक के अनुसार फतेहाबाद में कुल 180 ब्रांच चल रही है। कंप्टीशन के दौर में खुद आगे साबित करने के लिए बैंक ब्रांच को फॉल सीलिंग व लकड़ी के फर्नीचर से पूरी तरह से सजाया हुआ है लेकिन अग्नि शमन विभाग की माने तो लगभग सभी बैंक नियमों पर खरे नहीं उतरते हैं। बैंक शुरू करने से पहले अग्नि शमन विभाग से एनओसी लेनी होती है जिनमें विभाग की गाइड लाइन को पूरा करना होता है। जिससे अगर आग लगने जैसी कोई घटना होती है तो आटोमेटिक सिस्टम के द्वारा आग पर काबू पाया जा सकता है।
बैंक में ये होनी चाहिए सुविधाएं:
- आटोमेटिक स्प्रिंग कलर सिस्टम
- स्मोक डिटेक्टर
- हीट डिटेक्टर
- सायरन
- अग्नि शमन यंत्र
अग्निशमन विभाग को पीएनबी बैंक में मिली खामियां:
कहने को पीएनबी ब्रांच को अच्छे ढंग से तैयार किया गया था। ग्राहकों के लिए हर प्रकार की सुविधाएं मौजूद थी लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पीएनबी ब्रांच काफी पीछे रही। इस बात का जिक्र भी दमकल विभाग ने अपनी रिपोर्ट में किया है। पंजाब नेशनल बैंक ब्रांच में जिस समय आग लगी उस समय ऐसा कोई आधुनिक यंत्र नहीं था जो आग पर प्रथम तौर पर काबू पा लेता। बैंक में किसी प्रकार का सायरन भी नहीं बजा जो कि आग लगने की सूचना दे पाता। सबसे बड़ी बात यह हादसे के दौरान ब्रांच में कोई चौकीदार भी तैनात नहीं था।
गैस सिलेंडर फट जाता तो हो सकता था बड़ा हादसा:
दमकल विभाग के अनुसार बैंक में 2 सिलेंडर सीओटू तथा 2 सिलेंडर एबीसी के लगे हुए थे। जिस समय आग लगी उस समय सीओटू के सिलेंडर भी चपेट में आ गए। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले सीओटू के सिलेंडरों को बाहर निकाला। विभाग के अनुसार अगर यह फट जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फतेहाबाद में किसी बैंक ने दमकल विभाग से एनओसी नहीं ले रखी है जो कि सबसे जरूरी होती है। बैंक में मुख्य तौर पर आग बुझाने के लिए सुविधाएं होनी चाहिए जो कि आटोमेटिक सिस्टम से अपने आप आग पर कंट्रोल कर ले। पीएनबी ब्रांच में अग्नि शमन को लेकर काफी खामियां मिली हैं।
आत्माराम, फायर आफिसर फतेहाबाद
एनओसी से संबधित मामले के बारे में मालूम नहीं है। अगर ऐसी बात है तो सभी बैंकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए जाएंगे कि वह अग्नि शमन को लेकर सुरक्षा पुख्ता करें।
सीताराम सोनी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक
लीड बैंक में शुरू हुई पीएनबी ब्रांच:
शुक्रवार शाम को पीएनबी ब्रांच में लगी आग के बाद मरम्मत का काम शुरू हो गया है। इससे पहले दिल्ली से आई टीम ने बैंक का सर्वे किया और बैंक मैनेजर को रिपोर्ट देने के लिए कहा है। सोमवार को पीएनबी ब्रांच को लीड बैंक कार्यालय में शुरू कर दिया गया। जहां पर उपभोक्ता ने लेनदेन किया। वहीं लॉकर को लेकर भी उपभोक्ता चिंतित नजर आए। सोमवार को भी उपभोक्ता लॉकर के संबंध में जानकारी लेने के लिए पहुंचे। हालांकि बैंक मैनेजर सतपाल बरजाति ने पुष्टि की है कि उपभोक्ताओं के लॉकर व रिकार्ड सुरक्षित हैं।