लालबत्ती चौक पर सोमवार शाम को चालान काट रही महिला थाना प्रभारी व कांस्टेबल से एक स्कूटी सवार महिला उलझ गई। आरोप है कि गाड़ी के कागज मांगने पर महिला ने धक्का दिया और उनके साथ बदतमीजी की। आरोपी महिला ने कांस्टेबल के हाथ पर नाखून भी मारे। घटना के दौरान लालबत्ती चौक पर तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई।
मामला बढ़ता देख आरोपी महिला स्कूटी छोड़ मौके से गायब हो गई। सूचना पाकर महिला का पति मौके पर पहुंच गया। पुलिस इस मामले में स्कूटी को कब्जे में लेकर जांच करने में जुटी हुई थी। जानकारी के मुताबिक लालबत्ती चौक पर शाम को महिला थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने टीम के साथ अभियान चलाकर महिला दुपहिया वाहन चालकों के चालान काट रही थी।
इस दौरान कांस्टेबल ने महिला को रोका और उसे कागज दिखाने के लिए कहा। जिस पर महिला तैश में आ गई और टीम पर पैसे लेने जैसे आरोप लगाने लगी। महिला थाना प्रभारी ने जैसे ही स्कूटी की आरसी मांगी तो आरोपी महिला ने थाना प्रभारी व कांस्टेबल को धक्का दे दिया और महिला कांस्टेबल के हाथ पर नाखून मार दी। मामला बढ़ता देख आरोपी महिला मौके से गायब हो गई और इस दौरान महिला के पति ने टीम से हाथ जोड़कर माफी मांगी। लेकिन टीम इस मामले में समाचार लिखे जाने तक जांच करने में जुटी हुई थी।
महिला से कागज मांगे तो उसने कांस्टेबल व मुझे धक्का मार दिया व कांस्टेबल के हाथ पर नाखून भी मार दिए। स्कूटी को कब्जे में लेकर अभी जांच की जा रही है।
पुष्पा सिहाग, महिला थाना प्रभारी