रतिया में नवनियुक्त प्रधान व पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए सरपंच एसोसिएशन के सदस्य।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। रतिया खंड कार्यालय में सोमवार को सरपंच एसोसिएशन के चुनाव आयोजित किए गए। जिसमें सर्व सहमति न हो पाने पर प्रधान पद के लिए पर्ची डाली गई जिसमें से रत्ताखेड़ा के सरपंच अरविंद सिहाग का नाम पर्ची में निकला। इसके बाद अरविंद सिहाग को सरपंच एसोसिएशन का प्रधान नियुक्त कर दिया गया। उसके बाद सभी सदस्यों ने विचार-विमर्श कर गुरप्रीत कौर गुरुसर को उपप्रधान, कमाना सरपंच प्रतिनिधि परसोत्तम सिंह को कोषाध्यक्ष, चिम्मो सरपंच प्यारा सिंह को सचिव, भरपूर सरपंच प्रतिनिधि दिनेश भारती को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया ।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों का सरपंच एसोसिएशन के सदस्यों ने फूल माला डालकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य वकील नथवान भी विशेष रूप से मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार प्रधान चुनने के लिए पहले भी दो बार मीटिंग आयोजित की गई थी लेकिन सरपंच कम आने के कारण पहले दो बार चुनाव स्थगित कर दिया गया था।
आज सरपंच के चुनाव में 3 दर्जन के करीब सरपंच व प्रतिनिधि खंड कार्यालय में पहुंच गए थे जिसमें अरविंद सिहाग, मुरारी लाल, सुखजिंदर सिंह व बादलगढ़ के सरपंच ने प्रधान पद के लिए उम्मीदवारी पेश की। सभी उम्मीदवारों में सर्व सहमति न बनने के कारण चारों उम्मीदवारों की पर्ची डालने का निर्णय लिया गया और पर्ची में रताखेड़ा के सरपंच अरविंद सिहाग का नाम निकल गया। नवनियुक्त प्रधान अरविंद सिहाग ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा ई-टेंडरिंग के विरोध में सरपंचों द्वारा 15 जनवरी को टोहाना में प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें रतिया खंड से सभी सरपंच भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि ई-टेंडरिंग के माध्यम से प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्रभावित करना चाहती है क्योंकि ठेकेदारों द्वारा टेंडर के माध्यम से घटिया सामग्री लगाई जाती है और जिसका खामियाजा सरपंचों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने ई-टेंडरिंग प्रणाली वापस लेकर सरपंचों को 20 लाख रुपए तक के कार्य करने के अधिकार नहीं दिए तो सरपंच एसोसिएशन आंदोलन करने का निर्णय लेगी। इस अवसर पर काफी संख्या में सरपंच मौजूद थे ।