जिले में कोरोना का कहर जारी है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को जिला में कोरोना संक्रमित 10 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शहर थाना के उपप्रभारी एसआई जगदीश चंद्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
एसआई ने लक्षण मिलने पर रविवार को कोरोना सैंपल दिया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शहर थाना के गेट को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया ताकि भीड़ बेवजह अंदर न आ सके। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने एसआई के संपर्क में आए 55 लोगों की सूची तैयार की है जोकि संपर्क में आए हैं।
वहीं, रविवार को विधायक दुड़ाराम और उसके स्टाफ के 16 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। विधायक दुड़ाराम ने विधानसभा सत्र में जाने के लिए सैंपल दिया था।
यहां भी पाए गए कोरोना संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक भोड़िया खेड़ा निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति, रतिया निवासी 50 वर्षीय महिला और 29 वर्षीय उसकी बेटी संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा जाखल में तीन, भट्टूकलां में एक व भूना में दो संक्रमित मिले हैं। रविवार को दो लोगों ने कोरोना को मात दी है।
लोकनिर्माण विभाग में आज लिए जाएंगे सैंपल
स्वास्थ्य विभाग सोमवार को लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल लेगा। यहां पर चौकीदार संक्रमित पाया जा चुका है। मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल लिए जाएंगे।