गांधीनगर में महिला दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे एडीसी जेके अभीर व्याख्यान देने वाली ढांड की महिला सरपंच गायित्री के साथ सेल्फी करते हुए ।
- फोटो : bureau
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बुधवार को गुजरात के गांधीनगर में आयोजित स्वच्छ शक्ति सम्मेलन 2017 के दौरान हाल ही के कुछ महीनों में फतेहाबाद द्वारा अर्जित की गई सफलताओं की झलक दिखाई दी। गांधीनगर के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य मेहमानों की उपस्थिति में फतेहाबाद के ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान तथा स्वच्छता अभियान की सफलता ने न केवल जिला बल्कि पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। इस मौके पर फतेहाबाद के गांव ढांड की महिला सरपंच गायत्री देवी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर अपना व्याख्यान दिया। वहीं जिला के अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने फतेहाबाद को खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) बनाने के अपने अनुभवों को वहां मौजूद महिला सरपंचों के साथ साझा किया।
गांधीनगर में हो रहे अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में लघु सचिवालय के बैठक कक्ष से उपायुक्त एनके सोलंकी की मौजूदगी में गणमान्य नागरिकों विशेषकर महिलाएं भी सीधे प्रसारण के जरिये इस ऐतिहासिक पल की गवाह बनी। गुजरात के गांधीनगर के सम्मेलन में जैसे ही उपलब्धियों के लिए जब-जब फतेहाबाद जिला का नाम लिया गया तब-तब बैठक कक्ष में बैठे गणमान्य नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से अपनी खुशियों का इजहार किया। इस अवसर पर उपायुक्त एनके सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा कि जिला फतेहाबाद प्रशासन व यहां के समस्त निवासियों के अमूल्य योगदान से बहुत थोड़े अरसे में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की गई है।
खुले में शौचमुक्त, प्रदेश व देश की औसत से ज्यादा लिंगानुपात तथा बेसहारा गोवंश को आश्रय देने की मुहिम का उल्लेख करते उन्होंने कहा कि इन सभी उपलब्धियों का श्रेय फतेहाबाद की जनता को जाता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोग चिराग गर्ग, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश खोथ, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण कर्मचारी भी उपस्थित थे।