उपायुक्त एनके सोलंकी एवं पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने संयुक्त रूप से जारी बयान में कहा है कि आरक्षण को लेकर हरियाणा सरकार द्वारा गठित की गई वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी और आंदोलनकारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई पहले दौर की वार्ता काफी सफल रही थी। इस वार्ता में आंदोलनकारियों द्वारा रखी गई कई मांगों पर आगामी कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। दोनों ने आंदोलनकारियों से भी अपील की है कि वे धरने में किसी भी प्रकार हथियार लेकर न आएं क्योंकि यह कानूनन अपराध है।
डीसी और एसपी ने आंदोलन कर रहे लोगों से अपील करते कहा कि आरक्षण मसले का बातचीत के माध्यम हल निकलता दिख रहा है इसलिए इस दिशा में अब आंदोलन की जरूरत नही है। इससे पूर्व चंडीगढ़ से गृह सचिव रामनिवास की अध्यक्षता में हुई एक वीडियो कांफ्रेंसिंग में उपायुक्त एनके सोलंकी एवं पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने जिला में शांति एवं व्यवस्था के दृष्टिगत किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि जिला में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है और अभी आम जनजीवन बिल्कुल सामान्य है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया, डीएसपी गुरदयाल सिंह, एसआईएस सतवीर सिंह, निरीक्षक रिछपाल सिंह व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।