नगर परिषद शहर में दो नए पार्कों का ढोल पीट रहा है, लेकिन शहर के अन्य पार्कों की देखभाल की ओर अफसरों का कोई ध्यान नहीं है। हैरानी इस बात को लेकर भी है कि कई पार्क तो ऐसे हैं जिनकी सालों से कोई सुधि ही नहीं ली गई। ऐसे में ‘अमर उजाला’ ने जब शहर के पार्कों की ग्राउंड रिपोर्ट का जायजा लिया तो चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई। ‘अमर उजाला’ की तहकीकात में ये बात सामने आई कि नगर परिषद अध्यक्ष दर्शन नागपाल के वार्ड यानी मॉडल टाउन में पार्क ना केवल बेहतरीन तरीके से मेंटेन हैं बल्कि नप अध्यक्ष के निवास स्थान के सामने के पार्क में भी विकास कार्य शुरू हो चुके हैं, वहीं शहर के बाकी पार्षदों के वार्डों में पार्कों की स्थिति इससे बिल्कुल उलट है। शहर के अधिकांश पार्षदों के वार्डों में स्थित पार्क ना केवल बदहाल स्थिति में हैं बल्कि आसपास के लोगों की मानें तो अधिकांश में सालों से देखभाल करने ही कोई नहीं आया। प्रस्तुत है एक लाइव रिपोर्ट
वार्ड पार्षद : दर्शन नागपाल
पार्कों की स्थिति : नगर परिषद अध्यक्ष दर्शन नागपाल के वार्ड में पड़ता है मॉडल टाउन। इस इलाके में हुडा की व्यवस्था के अनुसार कई पार्क हैं। इन सभी पार्कों की व्यवस्था बेहद शानदार ढंग से की गई है। लगभग सभी पार्क में घास सलीके से काटी गई है, झूलों और बैठने वाली बेंच की पर्याप्त व्यवस्था है। कुल मिलाकर पार्क में वो सभी सुविधाएं हैं जो पार्क में होनी चाहिए। नप अध्यक्ष के निवास के बिल्कुल सामने भी एक पार्क स्थित है। इस पार्क में घास का काम शुरू कर दिया गया है। झूले लगाए जा चुके हैं। इसी वार्ड में टाउन पार्क भी है जिसमें पूरा शहर सुबह-शाम की सैर के लिए उमड़ता है।
ये है पार्षद का कहना: जब इस संबंध में संबंधित वार्ड के पार्षद और नगर परिषद अध्यक्ष दर्शन नागपाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सभी पार्कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण का काम 31 मार्च से पहले-पहले कराने का विचार है। जो पार्षद अपने पार्क का जीर्णोद्धार कराना चाहते हैं, वे कभी भी बता सकते हैं। सभी का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
वार्ड पार्षद : विनोद कुमारी मिड्डा
पार्कों की स्थिति: विनोद कुमारी मिड्डा के वार्ड में स्थित डीसी कालोनी में परशुराम पार्क है। इस पार्क की हालत देखकर साफ तौर पर समझा जा सकता है कि सालों से इसकी देखभाल करने की जहमत नहीं उठाई गई। पार्क की चारदीवारी और ग्रिल एक साइड से टूटी है। स्थानीय निवासियों की मानें तो इस पार्क को संभालने कोई नहीं आता। इसी पार्क के अंदर एक ट्यूबवेल लगा है। अगर इस पार्क को ठीक करा दिया जाए तो आसपास की गलियों के करीब दो सौ लोगों को सैर के लिए अच्छी जगह मिल सकती है।
ये है पार्षद का कहना : स्थानीय पार्षद विनोद कुमारी मिड्डा का कहना है कि इस बारे में कई बार नगर परिषद में कहा जा चुका है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही परशुराम पार्क की हालात सुधारी जाएगी। अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो नप अध्यक्ष से भी बात करूंगी।
वार्ड पार्षद : नरेश बजाज किट्टू
पार्कों की स्थिति: इस वार्ड में कहने को तो दो पार्क हैं लेकिन थाना रोड पार्क आजकल बहुत ज्यादा इस्तेमाल में नहीं आता। इसके अलावा चार मरला कॉलोनी के माल रोड पर स्थित पार्क यहां पर बेहतरीन लोकेशन पर स्थित है। टाउन पार्क के बाद शहर के सबसे बड़े पार्कों में से एक में ये पार्क माना जाता है। लेकिन इस पार्क के हालात सबसे खराब हैं। झूले टूटकर उलटे पड़े हैं। चारदीवारी कई जगह से टूूटने की कगार पर है। पार्क के अंदर हर कोने में गंदगी के ढेर लगे हैं। बताया गया है कि इस पार्क पर कब्जे को लेकर केस न्यायालय में लंबित है लेकिन ये केस तो लंबे समय से जारी है इससे पहले भी इस पार्क को आबाद किया गया था। बाकायदा इस पार्क में नगर परिषद की ओर से फव्वारे तक लगाए गए थे।
वार्ड पार्षद : अनीता कुक्कड़
पार्कों की स्थिति: लाजपत नगर पार्क। डीएसपी रोड और वार्ड दस का इकलौता पार्क है यह। पार्क सिर्फ नाम का रह गया है क्योंकि पिछले प्लान में इस पार्क में घास हटवाकर यहां पर इंटरलॉक टाइल्स लगवा दी गई थीं। इसके बाद से इस पार्क में घूमने या खेलने के लिए बच्चों और महिलाओं का आना बंद हो गया। अब यहां पर कई बार बुजुर्ग और अन्य लोग ताश खेलते नजर आते हैं। कई बार इस पार्क में नशेड़ी भी शाम को बैठे दिखते हैं। अब जब घास ही नहीं बची तो यहां पर देखभाल तो क्या होनी थी।
ये है पार्षद का कहना : इस बारे में नगर परिषद अधिकारियों से बात की जा चुकी है। यहां पर जल्द ही बुजुर्गों के बैठने के लिए कुर्सियां एवं बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे। इसके अलावा मैं अपने निजी कोष से यहां पर लाला लाजपत राय की प्रतिमा एवं आम लोगों के लिए वाटर कूलर का इंतजाम करूंगा। जल्द ही नप अधिकारी यहां पर काम शुरू करने की बात कह रहे हैं। अगर काम शुरू नहीं हुआ तो फिर उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी।